न्यूज़11 भारत
देवरी/डेस्क: पतरातू डैम में रविवार को हुई युवक की मौत के मामले में नया मोड़ आ गया है. सोमवार को देवरी थाना क्षेत्र के मकड़ीहा गांव निवासी भारत रविदास के पुत्र अश्विनी कुमार रंजन का पोस्टमार्टम कराने के बाद जैसे ही शव गांव पहुंचा, अंतिम दर्शन के लिए आसपास के लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. वहीं, परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल था और पूरे गांव में मातम का माहौल बन गया.
मृतक के पिता भारत रविदास ने बताया कि उन्होंने पतरातू थाना में आवेदन देकर संदीप कुमार, मोहम्मद शहबाज अंसारी तथा एक युवती समेत तीन लोगों पर उनके पुत्र की हत्या का आरोप लगाया है. उनका आरोप है कि तीनों ने अश्विनी कुमार रंजन को पतरातू डैम के तेज बहाव वाले पानी में धक्का देकर फेंक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई. भारत रविदास ने पतरातू थाना पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर आरोपितों के खिलाफ उचित कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है.