संदीप बरनवाल,/ न्यूज़11भारत
गावां/डेस्क: ग्रामीण जलापूर्ति योजना के तहत जमडार पंचायत के लौरिया गांव में “जल महोत्सव पखवाड़ा” के अंतर्गत शुक्रवार को “जल अर्पण दिवस” समारोह का आयोजन किया गया. कार्यक्रम का शुभारंभ पूर्व विधायक राजकुमार यादव, प्रखंड प्रमुख ललिता देवी, सांसद प्रतिनिधि नवीन कुमार, विधायक प्रतिनिधि मुन्ना सिंह, पीएचईडी एसडीओ मोहन कुमार एवं जेई जितेंद्र कुशवाहा सहित अन्य अधिकारियों ने संयुक्त रूप से किया.
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक राजकुमार यादव ने कहा कि जल अर्पण दिवस का मुख्य उद्देश्य जल संरक्षण और जल स्रोतों के महत्व के प्रति लोगों को जागरूक करना है. उन्होंने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत हर घर तक स्वच्छ पेयजल पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है, जिसके लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है. उन्होंने पानी की बर्बादी रोकने, संतुलित उपयोग करने तथा जल स्रोतों के संरक्षण पर विशेष बल दिया.
उन्होंने ठेकेदारों को निर्देश देते हुए कहा कि कई जगहों से पाइप फटने और लीकेज की शिकायत मिल रही है, जिसे जल्द से जल्द ठीक किया जाए ताकि ग्रामीणों को परेशानी न हो. उन्होंने कहा कि जब सही समय पर नल से घर तक पानी पहुंचेगा, तभी लोग जलसहिया को भुगतान करेंगे. साथ ही बताया कि अगले पांच वर्षों तक जलमीनार की देखरेख ठेकेदारों के जिम्मे रहेगी.
इस दौरान बीडीओ महेंद्र रविदास ने जल संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए “जल रक्षासूत्र” बांधा और जलसहियाओं को जल जांच किट के माध्यम से नियमित जल गुणवत्ता जांच करने के निर्देश दिए. वहीं “जल बंधन” के तहत उपस्थित लोगों को जल संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई.
मौके पर मुखिया फुलमुनि मुर्मू, पंसस मीणा बेसरा, अर्जुन शर्मा, दिलीप यादव, दीपक कुमार, पन्नालाल, बलदेव दास, विशाल राणा सहित दर्जनों जलसहिया एवं ग्रामीण उपस्थित थे.
ग्रामीणों ने उठाई समस्या,नहीं मिल रहा पानी
कार्यक्रम समाप्त होने के बाद जमडार पंचायत के ग्रामीणों ने पूर्व विधायक राजकुमार यादव से शिकायत करते हुए बताया कि कई घरों तक अब तक नल का पानी नहीं पहुंचा है. घर के पास पाइप कनेक्शन कर छोड़ दिया गया है, लेकिन पानी की आपूर्ति नहीं हो रही है. ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि कई बार विभाग को शिकायत देने के बावजूद कोई पहल नहीं की गई.
इस पर पूर्व विधायक ने मौके पर ही जेई को बुलाकर कार्य में सुधार करने और जल्द से जल्द समस्या का समाधान करने का निर्देश दिया.
यह भी पढ़ें: राय बाजार के 8 वर्षीय अलफाज खान ने रमजान मे मुक्कमल किया पुरा रोजा