अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत
लातेहार/डेस्क: जिला के मनिका थाना क्षेत्र निवासी रंजन सिंह उर्फ कारू सिंह की हत्या का खुलासा पुलिस ने 24 घंटे के अंदर कर दिया. कारू सिंह की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण हुई थी. पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्याकांड की घटना में शामिल महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया. मनिका थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर बताया कि कारू सिंह की हत्या प्रेम प्रसंग के कारण हुई है.दरअसल, होली के दिन रंजन सिंह उर्फ कारू सिंह का शव माइल गांव के पास ही बरामद हुआ था. इसकी हत्या पत्थर से मारकर की गई. घटना की जानकारी मिलने के बाद थाना प्रभारी प्रभात दास के नेतृत्व में पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की छानबीन आरंभ कर दी. छानबीन के क्रम में पुलिस को यह जानकारी मिली कि कारू सिंह का प्रेम प्रसंग गांव की ही एक महिला से था. इस बात से महिला का पति और कई अन्य ग्रामीण काफी नाराज थे. बार-बार मना करने के बावजूद कारू सिंह अपनी आदतों से बाज नहीं आ रहा था.होली के 1 दिन पहले भी रात में कारू सिंह महिला से मिलने गया था. इसी से नाराज होकर महिला का पति और कारू सिंह में झगड़ा होने लगी. कारू सिंह के आदतों से परेशान कुछ अन्य ग्रामीण भी वहां जमा हो गए और कारू सिंह की जमकर पिटाई कर दी. वहीं इसके सिर में पत्थर से मारकर इसकी हत्या कर दी. बाद में शव को सड़क से थोड़ी दूर नर्सरी के पास फेंक दिया. बाद में होली के दिन कारू सिंह का शव बरामद होने के बाद पुलिस ने पूरे मामले की छानबीन करते हुए हत्याकांड में शामिल महिला समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
चार आरोपियों को जेल भेजा गया
इस संबंध में बताया कि घटना की सूचना मिलने के बाद एस पी कुमार गौरव के निर्देशानुसार थाना प्रभारी प्रभात दास के नेतृत्व में टीम गठित कर मामले की छानबीन आरंभ की गई . ग्रामीणों से पूछताछ के बाद और पूरे मामले की छानबीन करने के बाद पता चला कि प्रेम प्रसंग में यह हत्या हुई है. पुलिस ने आरोपी पति-पत्नी को गिरफ्तार किया. इसके बाद घटना में शामिल गांव के ही जमुना उरांव और शंभू उरांव को भी गिरफ्तार कर लिया गया.बताया कि चारों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया. इस छापामारी दल में थाना प्रभारी प्रभात कुमार दास के अलावा सब इंस्पेक्टर सत्येंद्र कुमार, सब इंस्पेक्टर सुमित कुमार सिंह, सहायक अवर निरीक्षक मिश्रा मांझी, नरेंद्र प्रसाद सिंह समेत अन्य पुलिस कर्मियों की भूमिका महत्वपूर्ण रही
यह भी पढ़ें: बच्चों के खेल में भड़की साम्प्रदायिक तनातनी, पत्थरबाजी में गर्भवती समेत तीन घायल