प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
लातेहार/डेस्क: रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) पोस्ट बरवाडीह में शुक्रवार को एक भावपूर्ण विदाई समारोह का आयोजन किया गया. समारोह में आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश रंजन सहित कुल 23 स्थानांतरित कर्मियों को अंगवस्त्र एवं माला पहनाकर सम्मानित करते हुए भावभीनी विदाई दी गई. कार्यक्रम के दौरान सहकर्मियों एवं अधिकारियों ने स्थानांतरित कर्मियों के कार्यकाल की सराहना करते हुए उनके योगदान को याद किया. इस अवसर पर आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश रंजन ने कहा कि बरवाडीह में बिताया गया समय उनके जीवन के सबसे यादगार अनुभवों में से एक रहेगा. यहां के लोगों का सहयोग, रेलकर्मियों का अपनापन तथा स्टेशन का शांत और सौहार्दपूर्ण वातावरण हमेशा स्मरणीय रहेगा.
उन्होंने कहा कि टीम भावना के साथ कार्य करते हुए रेलवे सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने का लगातार प्रयास किया गया और सभी के सहयोग से कई महत्वपूर्ण कार्य सफलतापूर्वक संपन्न हुए. उन्होंने बरवाडीह के लोगों और सहकर्मियों के प्रति आभार व्यक्त किया. समारोह में रेलवे स्पोर्ट्स क्लब की बैडमिंटन टीम के सदस्यों ने भी आरपीएफ टीम को सम्मानित किया. खिलाड़ियों ने कहा कि आरपीएफ कर्मियों के साथ खेल मैदान में भी बेहतर तालमेल और भाईचारे का संबंध रहा, जिसे हमेशा याद रखा जाएगा.
मौके पर स्टेशन अधीक्षक अनिल कुमार द्विवेदी, आईओडब्ल्यू पीडब्ल्यूआई. सहित रेलवे के कई अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे. सभी ने स्थानांतरित कर्मियों को उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य और नई जिम्मेदारियों में सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं. स्थानांतरण पाने वाले कर्मियों में आरपीएफ इंस्पेक्टर राकेश रंजन समेत कुल 23 अधिकारी एवं जवान शामिल हैं. कार्यक्रम सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ और उपस्थित लोगों ने स्थानांतरित कर्मियों के साथ बिताए गए पलों को साझा करते हुए उन्हें सम्मानपूर्वक विदाई दी.
यह भी पढ़ें: जनगणना 2027: सिमडेगा झारखंड के अग्रणी जिलों में शामिल, HLO कार्य की उपलब्धि पहुंची 100%