न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पलामू जिले के रामगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत नावाडीह हुटार गांव में एक बुजुर्ग की गोली लगने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गयी. मृतक की पहचान नावाडीह हुटार निवासी श्याम लाल भुईयां के रूप में हुई है, जो पेशे से बढ़ई मिस्त्री थे.
घटना के संबंध में मिली जानकारी के अनुसार, श्याम लाल भुईयां अपने घर में रखी भरठुआ बंदूक की सफाई कर रहे थे, उसी दौरान अचानक फायर हो जाने से बारूद का छर्रा सीधे उनके सीने में जा लगा और मौके पर ही उनकी दर्दनाक मौत हो गई. हालांकि, दूसरी ओर परिजनों ने रामगढ़ थाना पुलिस को मौखिक रूप से घटना के पीछे आत्महत्या की आशंका जताई है.
घटना की असली वजह क्या है और मौत के पीछे की पूरी सच्चाई क्या है, यह अभी स्पष्ट नहीं हो सका है. फिलहाल पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है. थाना प्रभारी ओम प्रकाश का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने और परिजनों द्वारा लिखित आवेदन सौंपे जाने के बाद ही मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.
इसे भी पढ़ें: बदहाल स्वास्थ्य व्यवस्था: अस्पताल के बाहर खड़ी थी दो-दो एम्बुलेंस, फिर भी 108 एम्बुलेंस के इंतजार में तड़पती रही गर्भवती