प्रेम कुमार सिंह/न्यूज11 भारत
भरनो/डेस्क: भरनो प्रखंड अंतर्गत डूडीया पंचायत को राज्य की 34 चिन्हित पंचायतों में शामिल करते हुए ‘महिला हितेषी पंचायत’ के रूप में चयनित किया गया है.खास बात यह है कि यह गुमला जिला की एकमात्र पंचायत है,जिसे इस श्रेणी में स्थान मिला है. इस उपलब्धि से क्षेत्र में उत्साह का माहौल है.
राज्य के पंचायती राज विभाग के निर्देशानुसार सोमवार को डूडीया पंचायत भवन के सभागार में एक विशेष बैठक का आयोजन किया गया.बैठक की अध्यक्षता प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) अरुण कुमार सिंह ने की. बैठक में प्रखंड के सभी विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे.बैठक में निर्णय लिया गया कि महिला हितेषी पंचायत के रूप में चयनित होने के बाद डूडीया पंचायत में महिलाओं के सर्वांगीण विकास के लिए विशेष कार्यक्रम संचालित किए जाएंगे.बालिकाओं को विभिन्न सरकारी योजनाओं का प्राथमिकता के आधार पर लाभ दिलाया जाएगा. साथ ही कृषि,पशुपालन एवं स्वरोजगार से जुड़े क्षेत्रों में महिलाओं की भागीदारी बढ़ाने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे.
बैठक में सभी विभागों के पदाधिकारियों ने अपने-अपने विभाग द्वारा संचालित योजनाओं और कार्यक्रमों की जानकारी साझा की.इस बात पर जोर दिया गया कि विभिन्न विभाग आपसी समन्वय स्थापित कर अधिक से अधिक महिलाओं तक योजनाओं का लाभ पहुंचाएं.ग्रामीण स्तर पर व्यापक प्रचार-प्रसार एवं जागरूकता अभियान चलाकर महिलाओं को योजनाओं में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया जाएगा.प्रखंड प्रशासन ने विश्वास जताया कि महिला हितेषी पंचायत के रूप में डूडीया पंचायत राज्य में एक आदर्श मॉडल के रूप में स्थापित होगी और यहां की महिलाएं सामाजिक,आर्थिक एवं शैक्षणिक क्षेत्र में नई ऊंचाइयां हासिल करेंगे.
मौके पर मुखिया रश्मि लकड़ा,एमओ अंशुल टोप्पो, करंज थाना प्रभारी करण टुडू,प्रखंड कल्याण पदाधिकारी मंजू खाखा, बीपीआरओ स्मिता लूगुन, पंचायत सेवक वासुदेव राय, जेई तारिक अनवर, कोडीनेटर विपिन कुमार, जितेंद्र मिश्रा,शिवदेव लोहरा, शशि भूषण साहू,सुमन देवी सहित सभी आंगनबाड़ी केंद्र की सेविकाएं एवं पंचायत के शिक्षकगण उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: आरा के कांग्रेस कार्यालय में संगठन सृजन अभियान के तहत कांग्रेस की ऑब्जर्वर अंबा प्रसाद ने की प्रेस वार्ता