न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: भाजपा प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने कहा कि कांग्रेस राष्ट्र विरोधी ताकतों के साथ हाथ मिलाकर राष्ट्र को कमजोर व बदनाम करने में कभी भी कोई कोर कसर नहीं छोड़ती. कांग्रेस को राष्ट्र की कतई चिंता नहीं है. दिल्ली में अप्रत्यक्ष रूप से युवाओं को इकट्ठा करके लोकतंत्र के मंदिर में घुसकर जिस प्रकार आंदोलन के नाम पर गुंडागर्दी करने का काम किया, वह निंदनीय है. इटली की सोनिया गांधी और उनके पुत्र राहुल गांधी चाहते हैं कि देश टुकड़े टुकड़े में बंट जाए. इनकी कभी मंशा नहीं रहती कि देश अखंड रहे. श्री साहू भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित प्रेसवार्ता को संबोधित कर रहे थे.
साहू ने कहा कि लोकतंत्र लोक लाज से चलता है. कांग्रेस लोक लाज को धोकर पी गई है. कांग्रेस के दो चेहरे है. यह दिल्ली में कुछ करती है और झारखंड में कुछ. झारखंड में बीते 6 वर्ष में जेपीएससी, जेएसएससी, सीजीएल की परीक्षा हो, उत्पाद सिपाही भर्ती या शिक्षक नियुक्ति की परीक्षा हो, जब भी परीक्षा हुआ उसका प्रश्न पत्र पहले लीक हुआ है. विगत 6 वर्ष में कांग्रेस की मदद से लाखों युवाओं का रोजगार छीनने का काम किया गया है. परीक्षा में हुई अनिमितता की जांच होनी चाहिए, लेकिन कांग्रेस इस पर मौन है. jpsc में गड़बड़ी के खिलाफ भाजपा ने आंदोलन किया. दबाव के कारण जेपीएससी अध्यक्ष को इस्तीफा देना पड़ा. भाजपा की मांग है कि jpsc के तत्कालीन अध्यक्ष पर एफआईआर दर्ज हो. कांग्रेस इस पर अपना मुंह कभी नहीं खोलती. वहीं कांग्रेस दिल्ली में राजनीतिक ड्रामा करने का काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस और अन्य विपक्षी पार्टियां नीट-नीट चिल्लाती है. गड़बड़ी सामने आते ही परीक्षा को रद्द कर दोबारा परीक्षा ली गयी. आज छात्र सफल हो कर पढ़ाई कर रहे हैं. पीएम ने आज ही फास्ट ट्रैक कोर्ट गठित कर देश को भरोसा दिया है कि पेपर लीक मामले में किसी को बख्शा नहीं जाएगा. दूसरी तरफ कांग्रेस पार्टी झारखंड में ऐसे लोगों के खिलाफ सीआईडी जांच की ढोंग कर रही है, यह सिर्फ आईवॉश है. इससे पहले भी शराब घोटाले की जांच में खानापूर्ति की गई थी, आज सारे दोषी जेल के बाहर हैं. यही तो कांग्रेस का चरित्र है.
उन्होंने मांग किया कि झारखंड में जितनी भी परीक्षा हुई है, पेपर लीक का मामला है, सभी की जांच सीबीआई से करवाई जाए. कांग्रेस में थोड़ी सी भी नैतिकता है तो वह सीबीआई जांच की मांग का समर्थन करे. उन्होंने कहा कि कांग्रेस ऐसा नहीं करेगी क्योंकि ये लोग मलाई खाने वाली और बेशर्म पार्टी हैं. इन्होंने बेशर्मी की सारी हद पार कर दी है. राज्यसभा चुनाव का मामला हो या अन्य मामला, jmm के साथ दीमक की तरह चिपककर कांग्रेस राज्य को खोखला करने का काम कर रही है.
उन्होंने कहा कि आज भाजपा प्रदेश कार्यालय के घेराव कार्यक्रम में कांग्रेस ने जो कृत्य किया, वह निंदनीय है. भाजपा ने भी कांग्रेस कार्यालय का घेराव किया था लेकिन पूरी तरह मर्यादित होकर. लेकिन आज कांग्रेस ने हिंदपीढ़ी के पत्थरबाजों और गुंडों से पत्थर, अंडे, टमाटर फेंकवाने का काम किया, वह शर्मनाक है. जब कांग्रेस ने पत्थर चलाया तब भाजपा कार्यकर्ता अपने कार्यालय रूपी मंदिर को बचाने में डटे रहे. प्रदेश अध्यक्ष ने मौके पर तैनात कुछ पुलिस पदाधिकारी पर आरोप लगाया कि उन्होंने पुलिस के रूप में नहीं बल्कि कांग्रेस कार्यकर्ता के रूप में अपनी ड्यूटी निभाने का काम किया है. पुलिस पदाधिकारी एकतरफा कार्रवाई करते हुए भाजपा कार्यकर्ताओं पर लाठियां बरसा रहे थे. भाजपा इसकी निंदा करती है. सरकार उक्त पदाधिकारी पर कार्रवाई करते हुए तत्काल बर्खास्त करे.
इस घटना में पार्टी के कार्यकर्ता संजय चौधरी, संजीत सिंह, सौरभ कश्यप, आलोक पीतांबर, सन्नी टोप्पो, सुनील साहू, अमन जयसवाल, सुशील दुबे, अमिताभ धीरज, नितिन राणा, रोमित नारायण सिंह, पीयूष विजयवर्गीय, पवन सिंह, ओम प्रकाश सिंह, राफिया नाज, जॉनी वाकर खान, महावीर सिंह सहित सैकड़ों कार्यकर्ता घायल हुए हैं.
उन्होंने मांग किया कि इस पूरे मामले में जांच कर आरोपियों के खिलाफ सरकार सख्त कार्रवाई करते हुए जेल भेजे. उन्होंने कहा कि भाजपा के कार्यकर्ता कांग्रेस के खिलाफ कोतवाली में एफआईआर दर्ज करेंगे.
उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने दिल्ली में प्रधानमंत्री के दरवाजे पर इकट्ठा होकर धरना देने का काम किया. यह मोस्ट सेंसेटिव जोन के रूप में देखा जाता है. वैसे जगह पर घुसकर कांग्रेस ने नाटक करने और फोटो शूट करवाने का काम किया. जिस प्रकार कांग्रेस द्वारा प्रधानमंत्री को गाली दी और दिलवाई गई, उससे पूरा देश शर्मसार है. कांग्रेस ने जिस प्रकार पीएम के पद को अपमानित करने का काम किया है, देश कभी माफ नहीं करेगा. पीएम किसी दल के नहीं, बल्कि देश के होते हैं. इसके पूर्व इन्होंने राष्ट्रपति महोदया को भी अपमानित करने का काम किया है.
उन्होंने कहा कि नरेंद्र मोदी के सफल 12 वर्ष के कार्यकाल से कांग्रेस खुश नहीं है. कांग्रेस को युवाओं से कोई मतलब नही है. पीएम नरेंद्र मोदी ने देश का मान बढ़ाया है.
इस दौरान प्रेस वार्ता में प्रदेश मीडिया प्रभारी योगेन्द्र प्रताप सिंह, प्रदेश प्रवक्ता संदीप वर्मा, शोभा यादव, संजय चौधरी और संजीत सिंह भी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: राजगंज में 11 हजार वोल्ट के नंगे बिजली तार की चपेट में आने से वृद्ध महिला की मौत