भरत मंडल/न्यूज़11 भारत
गांडेय/डेस्क: गांडेय-गिरिडीह मुख्य मार्ग स्थित गांडेय थाना क्षेत्र के दासडीह शिव मंदिर के समीप रविवार को सड़क दुर्घटना में बुलेट सवार युवक घायल हो गया. घायल की पहचान मरगोडीह गांव निवासी 38 वर्षीय रामजीत मंडल के रूप में हुई है. स्थानीय ग्रामीणों व पुलिस की मदद से घायल को निजी वाहन से गांडेय सीएचसी पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए उसे सदर अस्पताल गिरिडीह रेफर कर दिया.
जानकारी के अनुसार ताराटांड़ थाना क्षेत्र के लुटोरी गांव निवासी चिंतामणी किस्कु अपने चारपहिया वाहन से ससुराल चपुआडीह से वापस अपने घर लौट रहे थे. वहीं, रामजीत मंडल बुलेट से गांडेय की ओर से अपने घर मरगोडीह जा रहे थे. इसी दौरान दासडीह शिव मंदिर के समीप दोनों वाहनों के बीच टक्कर हो गयी. दुर्घटना में बुलेट सवार रामजीत मंडल घायल हो गये. घटना की सूचना मिलने पर गांडेय पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर थाना ले आयी. पुलिस मामले की जांच कर रही है.