संदीप बरनवाल/न्यूज़11भारत
गावां/डेस्क: गावां थाना क्षेत्र के बिरने गांव में एक तेज रफ्तार कोयला लदे ट्रक ने बाइक सवार को टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. स्थानीय लोगों की मदद से घायल को तुरंत गावां सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे बेहतर इलाज के लिए गिरिडीह सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया.
बताया जाता है कि गिरिडीह ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई. मृतक की पहचान बिरने पंचायत समिति सदस्य वीणा देवी के पति इंद्रदेव यादव के रूप में हुई है. बताया जाता है कि इंद्रदेव यादव रामनवमी जुलुस में शामिल होने जा रहे थे इसी बीच यह घटना हो गई. घटना के बाद इलाके में मातम छा गया है, वहीं ग्रामीण काफी आक्रोशित हैं. घटना की सूचना मिलते ही गावां पुलिस मौके पर पहुंची और ट्रक को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है. खबर लिखे जाने तक ग्रामीणों ने शव को सड़क पर रखकर सड़क जाम कर दिया है.
गौरतलब है कि गावां के रास्ते से प्रतिदिन दर्जनों कोयला लदे ट्रक बिहार व उत्तर प्रदेश के लिए भेजे जाते हैं, जिससे इस मार्ग पर भारी वाहनों का दबाव बना रहता है और दुर्घटनाओं की आशंका बनी रहती है.
यह भी पढ़ें: डुमरी प्रखंड में रामनवमी महोत्सव को लेकर निकला भव्य जुलूस, श्रद्धा और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला