मुमताज अहमद/न्यूज11 भारत
पिपरवार/डेस्क: केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) सीसीएल एनके–पिपरवार इकाई द्वारा डकरा स्थित सीआईएसएफ कैंप में मंगलवार को बल का 57 वां स्थापना दिवस मनाया गया. इस अवसर पर आयोजित समारोह में सीसीएल एनके एरिया के महाप्रबंधक दिनेश कुमार गुप्ता मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे. कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि के आगमन पर सीआईएसएफ कमांडेंट कमलेश चौधरी द्वारा पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत के साथ हुई. समारोह के दौरान सीआईएसएफ जवानों द्वारा अनुशासित एवं आकर्षक परेड का प्रदर्शन किया गया. चार टुकड़ियों में सुसज्जित परेड दल ने मुख्य अतिथि को शानदार गार्ड ऑफ ऑनर दिया.
परेड का नेतृत्व परेड कमांडर इंस्पेक्टर आर. के. गौतम तथा सहायक कमांडर एसआई दीपक यादव ने किया. जवानों के अनुशासन, समर्पण और तालमेल से भरे मार्च पास्ट ने उपस्थित अधिकारियों और अतिथियों को प्रभावित किया. इस अवसर पर मुख्य अतिथि दिनेश कुमार गुप्ता ने अपने संबोधन में कहा कि कोल सेक्टर जैसे महत्वपूर्ण औद्योगिक क्षेत्र में सीआईएसएफ की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है. उन्होंने कहा कि बल की सतर्कता, अनुशासन और कर्तव्यनिष्ठा के कारण कोल फील्ड में कार्यरत कर्मचारियों तथा संपत्तियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो पाती है.
उन्होंने कठिन परिस्थितियों में भी अपने कर्तव्यों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने वाले सीआईएसएफ जवानों की सराहना की. इस अवसर पर कमांडेंट कमलेश चौधरी ने सीआईएसएफ के गौरवशाली इतिहास और उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए बताया कि बल की स्थापना 10 मार्च 1969 को मात्र 3129 कर्मियों के साथ की गई थी. आज सीआईएसएफ देश के 25 राज्यों एवं 5 केंद्र शासित प्रदेशों में महत्वपूर्ण औद्योगिक प्रतिष्ठानों को सुरक्षा प्रदान कर रहा है.उन्होंने बताया कि वर्तमान में सीआईएसएफ देश के कई महत्वपूर्ण प्रतिष्ठानों जैसे हवाई अड्डों, मेट्रो रेल, परमाणु एवं अंतरिक्ष प्रतिष्ठानों, बंदरगाहों तथा औद्योगिक इकाइयों की सुरक्षा की जिम्मेदारी निभा रहा है. हाल ही में संसद भवन की सुरक्षा की जिम्मेदारी भी सीआईएसएफ को सौंपी गई है, जो बल की दक्षता और विश्वसनीयता का प्रतीक है.
कार्यक्रम में उप कमांडेंट दिनेश कुमार, सहायक कमांडेंट अमनदीप, सहायक कमांडेंट/जेएओ शगन दास सहित इंस्पेक्टर राजेश कुमार सरोज, तपन सिंघा, रवि रंजन, अजीत सोरेन, एस.के. झा, रंजीत कुमार, रश्मि तथा एसआई अनिल कुमार राय, संदीप कुमार, राजेश कुमार, अजमल खान, पीएओ राजू समेत कई अधिकारी एवं बल सदस्य उपस्थित थे. समारोह के अंत में सभी अधिकारियों एवं जवानों ने सीआईएसएफ के आदर्श वाक्य “निष्ठा, अनुशासन एवं समर्पण” को और अधिक मजबूती के साथ निभाने का संकल्प लिया.
यह भी पढ़ें: टाइगर जयराम महतो के नेतृत्व में सीएम से मिले सहायक अध्यापक संघ के प्रतिनिधि, मुख्यमंत्री नए दिया आश्वासन