न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: डाल्टनगंज के मेन बाजार स्थित करीब 100 साल पुराने ऐतिहासिक श्री संकट मोचन हनुमान मंदिर परिसर में मिठाई दुकान के संचालन से श्रद्धालुओं में भारी नाराजगी है. हर मंगलवार और शनिवार को हजारों की संख्या में दर्शन के लिए पहुंचने वाले भक्तों को भारी भीड़ और अव्यवस्था का सामना करना पड़ रहा है. श्रद्धालुओं का आरोप है कि दुकान के कारण मंदिर का एक बड़ा हिस्सा घिरा हुआ है, जिससे लोगों को सड़क पर खड़े होकर पूजा करनी पड़ती है और मेन बाजार में लंबा जाम लग जाता है. आसपास के दुकानदारों द्वारा किए गए अतिक्रमण से समस्या और बढ़ गई है. भक्तों का कहना है कि मंदिर भगवान की आराधना का स्थान है व्यापार का नहीं, और यहां दुकान होने से मक्खियों व कीड़ों के कारण धार्मिक स्थल की पवित्रता व शांत वातावरण प्रभावित हो रहा है. भीड़ के दौरान श्रद्धालुओं की तबीयत बिगड़ने और बेहोश होने की घटनाओं के बीच लोगों ने सवाल उठाया है कि क्या प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है. श्रद्धालुओं ने लाखों लोगों की आस्था, सुरक्षा और सुविधा को ध्यान में रखते हुए मंदिर परिसर को पूरी तरह अतिक्रमण और व्यावसायिक गतिविधियों से मुक्त कराने की मांग की है.