नीरज कुमार साहू/न्यूज़11 भारत
बसिया/डेस्क: प्रखंड के जोगोटोली स्थित शिव मंदिर के वार्षिक दिवस के उपलक्ष्य में शनिवार को एक भव्य धार्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस पावन अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में अरुण साहू उपस्थित रहे.
पवित्र चुटिया नदी से भरा गया जल
कार्यक्रम की शुरुआत पंडित बद्रीनाथ दास के वैदिक मंत्रोच्चार और पूरे विधि-विधान के साथ हुई. इसके बाद मंदिर परिसर से चुटिया नदी तक 151 कलशों के साथ एक भव्य कलश यात्रा निकाली गई. सैकड़ों श्रद्धालुओं ने चुटिया नदी से पवित्र जल भरा और पूरी श्रद्धा व भक्ति के साथ पैदल यात्रा कर मंदिर लौटे. कलश यात्रा में महिलाओं, पुरुषों और युवाओं ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया. पूरे रास्ते में हो रहे भजन-कीर्तन और धार्मिक गीतों से आसपास का पूरा वातावरण पूरी तरह भक्तिमय हो गया.
अखंड संकीर्तन और भंडारे का आयोजन
कलश यात्रा के समापन के बाद मंदिर परिसर में 24 घंटे के अखंड हरिनाम संकीर्तन का विधिपूर्वक शुभारंभ किया गया. इस धार्मिक अनुष्ठान के साथ ही श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद और भव्य भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें बड़ी संख्या में पहुंचे भक्तों ने प्रसाद ग्रहण किया. मंदिर में पूजा-अर्चना करने पहुंचे श्रद्धालुओं ने भगवान शिव से क्षेत्र की सुख-समृद्धि, शांति और खुशहाली की कामना की.
ग्रामवासियों का रहा सराहनीय सहयोग
इस पूरे धार्मिक महाआयोजन को सफल बनाने में जोगोटोली के समस्त ग्रामवासियों का योगदान सराहनीय रहा. कार्यक्रम के दौरान मुख्य रूप से पंकज साहू, विवेक ओहदार, उपेंद्र साहू, आयुष साहू सहित भारी संख्या में ग्रामीण और दूर-दराज से आए श्रद्धालु उपस्थित थे.