न्यूज11 भारत
घाघरा/डेस्क: घाघरा थाना क्षेत्र के एक गांव में 30 वर्षीय युवती के साथ कथित दुष्कर्म का मामला सामने आया है. इस संबंध में पीड़िता के पिता ने शुक्रवार शाम घाघरा थाना में आवेदन देकर आरोपी युवक के विरुद्ध कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
आवेदन में पीड़िता के पिता ने बताया है कि उनकी बेटी की शादी उक्त युवक से तय हुई थी, लेकिन युवक के आचरण से असंतुष्ट होने के कारण परिवार ने विवाह करने से इनकार कर दिया था. आरोप है कि इसी बात से नाराज होकर युवक ने 9 जुलाई की रात युवती को अकेला पाकर उसके साथ दुष्कर्म किया तथा विरोध करने पर मारपीट भी की. घटना में युवती घायल हो गई और उसे गंभीर शारीरिक एवं मानसिक आघात पहुंचा है.
घटना के बाद परिजनों ने पीड़िता को इलाज के लिए गुमला स्थित एक निजी नर्सिंग होम में भर्ती कराया, जहां उसका उपचार जारी है. मामले में घाघरा थाना प्रभारी मोहन कुमार सिंह ने बताया कि 10 जुलाई की शाम पीड़िता के पिता का आवेदन प्राप्त हुआ है. पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है. जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.