अजीत कुमार/न्यूज 11 भारत
लातेहार/डेस्क: जिले के मनिका थाना क्षेत्र अंतर्गत वीर बुद्धि आवासीय विद्यालय, सिंजो, मनिका में पढ़ाई कर रहे पांचवीं कक्षा के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई. मृतक छात्र की पहचान उज्जवल लोहरा (पिता बलराम लोहार) के रूप में हुई है. उज्जवल बालूमाथ प्रखंड के लक्ष्मीपुर गांव का निवासी था और वीर बुद्धि आवासीय विद्यालय में छात्रावास में रहकर पढ़ाई करता था. मृतक के पिता बलराम लोहरा ने बताया कि एक जनवरी को वे पिकनिक मनाने के लिए गए हुए थे. इसी दौरान उज्जवल की तबीयत शुक्रवार की सुबह खराब हो गई. तो संचालक सत्येंद्र यादव के द्वारा प्राथमिकी इलाज के लिए मनिका स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया.
गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टर ने लातेहार सदर अस्पताल रेफर कर दिया. बच्चे को लातेहार सदर अस्पताल लाया गया. जहां इलाज के दौरान मौत हो गई. सूचना मिलने पर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे. परिजनों ने विद्यालय प्रबंधन पर गंभीर आरोप लगाए हैं. पिता बलराम लोहरा ने कहा कि स्कूल संचालक की लापरवाही के कारण उनके बेटे की जान गई है. उन्होंने आरोप लगाया कि बच्चे की तबीयत बिगड़ने पर समय रहते उचित इलाज और चिकित्सकीय सहायता नहीं दी गई, जिससे स्थिति गंभीर हो गई.
इस घटना से आक्रोशित परिजन और ग्रामीणों ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है. वहीं, इस मामले को लेकर परिजन लातेहार थाना पहुंचे, जहां विद्यालय संचालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराने की प्रक्रिया चल रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई किए जाने की बात कही जा रही है.
यह भी पढ़ें: नये साल की नेक शुरुआत: 200 जरूरतमंदों के बीच कंबल बांटकर पहुंचाई गई राहत