राहुल कुमार/न्यूज 11भारत
चंदवा/डेस्क: चंदवा के इंदिरा गांधी चौक पर शनिवार तड़के करीब चार बजे कोयला लोड एक हाईवा के दुर्घटनाग्रस्त होने के 36 घंटे बाद भी उसमें लदे कोयले की वैधता को लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं हो सकी है. कोयला वैध था या अवैध, इस संबंध में अब तक कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आने से क्षेत्र में चर्चाओं का दौर तेज हो गया है. घटना के बाद से ही स्थानीय लोगों के बीच विभिन्न प्रकार की चर्चाएं चल रही हैं. चौक-चौराहों पर लोग अवैध कोयला कारोबार, दुर्घटना के बाद प्रशासनिक कार्रवाई की गति तथा मामले की जांच को लेकर सवाल उठाते नजर आ रहे हैं. कुछ लोगों का आरोप है कि घटना के कुछ घंटों बाद से ही ल कोयला कारोबार से जुड़े लोग मामले को प्रभावित करने के प्रयास में सक्रिय हो गए थे.
मामले को लेकर पूछे जाने पर चंदवा थाना के पुलिस निरीक्षक सह थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि दुर्घटनास्थल से बरामद कोयले की वैधता की जांच की जा रही है. उन्होंने कहा कि जांच पूरी होने के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी. वहीं हाईवा को छोड़े जाने संबंधी चर्चाओं को खारिज करते हुए उन्होंने बताया कि वाहन को जब्त कर सुरक्षित रखा गया है तथा जांच के उपरांत नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. गौरतलब है कि दुर्घटना के बाद से ही कोयले की वैधता को लेकर क्षेत्र में कई तरह के सवाल उठ रहे हैं. अब लोगों की निगाहें प्रशासनिक जांच और उसके निष्कर्ष पर टिकी हुई हैं.
यह भी पढ़ें: चंदवा फरार आरोपी के घर पुलिस ने चस्पाया इश्तेहार, ढोल बजाकर दी जानकारी