आशिष शास्त्री/न्यूज11 भारत
सिमडेगा/डेस्क: उपायुक्त सिमडेगा कंचन सिंह ने समाहरणालय परिसर में जनता दरबार का आयोजन किया, जिसमें जिले के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे ग्रामीणों ने अपनी समस्याओं एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए. उपायुक्त ने सभी आवेदकों से सीधे संवाद स्थापित करते हुए उनकी समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और प्रत्येक मामले की विस्तृत जानकारी प्राप्त की.
जनता दरबार में कन्यादान योजना का लाभ दिलाने, टेंट हाउस द्वारा किए गए कार्यों का लंबित भुगतान कराने, पुलिया एवं पीसीसी पथ निर्माण, लंबित छात्रवृत्ति का भुगतान, अनुकंपा नियुक्ति, अबुआ आवास योजना का लाभ, मानदेय भुगतान, प्रधानमंत्री आवास निर्माण कार्य में मजदूरी भुगतान, स्थानांतरण एवं अन्य जनहित से जुड़े विषयों पर आवेदन प्राप्त हुए.
उपायुक्त ने सभी मामलों के त्वरित एवं पारदर्शी निष्पादन के लिए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए.
जनता दरबार के दौरान अपर समाहर्ता गिरिजा शंकर महतो सहित संबंधित विभागों के पदाधिकारी उपस्थित थे.
यह भी पढ़ें: मेरा युवा भारत की जिला सलाहकार सह समन्वय समिति की बैठक आयोजित