न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: उत्तराखंड में केदारनाथ धाम की यात्रा अब आसान और सुरक्षित होने वाली है. पहाड़ों की कठिन चढ़ाई को सुगम बनाने के लिए अडानी ग्रुप 4 हजार करोड़ रुपये से ज्यादा की लागत में 12.9 किलोमीटर लंबा रोपवे बनाने जा रहा है. इस रोपवे के बनने के बाद सोनप्रयाग से केदारनाथ तक की 8 से 9 घंटे की यात्रा सिर्फ 36 मिनट में पूरी हो सकेगी.
यह जानकारी खुद गौतम अडानी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर एक वीडियो पोस्ट करके साझा की. उन्होंने लिखा कि केदारनाथ धाम की कठिन चढ़ाई अब आसान होगी, और अडानी समूह श्रद्धालुओं की यात्रा को सरल और सुरक्षित बनाने के लिए यह रोपवे बना रहा है. उन्होंने इस 'पुण्य कार्य' का हिस्सा बनना गर्व की बात बताया है.
केदारनाथ धाम हिमालय की ऊंचाइयों में स्थित एक ऐसा तीर्थ है, जहाँ पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को कठिन रास्तों, बदलते मौसम, बारिश और बर्फबारी का सामना करना पड़ता है. यह यात्रा विशेषकर बुजुर्गों और बच्चों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकती है. वीडियो में बताया गया है कि यह रोपवे समय बचाएगा और सुरक्षित एवं सुगम यात्रा देगा. इसकी मदद से बुजुर्ग, बच्चे और महिलाएं आसानी से यात्रा कर पाएंगे, साथ ही स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी बढ़ावा मिलेगा.
पर्यावरण संरक्षण पर भी जोर देते हुए अडानी ग्रुप ने सतत निर्माण, मंजूरी और स्थानीय भागीदारी का वादा किया है, जिससे प्रकृति और आस्था का संतुलन बना रहे. वीडियो के अनुसार, जब आस्था की राह आसान और सुरक्षित होगी, तब भारत की विरासत और मजबूत होगी.
यह भी पढ़े: दीपावली पर घर जाने की खुशी मातम में बदली, वैन-बस की टक्कर में 3 की मौत, 10 घायल