न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच रक्षा संबंधों को और मजबूती देने के उद्देश्य से, भारतीय सेना का एक दल संयुक्त सैन्य अभ्यास में भाग लेने के लिए रविवार को ऑस्ट्रेलिया के लिए रवाना हो गया है. 120 सैनिकों का यह दल पश्चिम ऑस्ट्रेलिया के पर्थ स्थित इर्विन बैरक में आयोजित होने वाले वार्षिक सैन्य अभ्यास AUSTRAHIND 2025 में हिस्सा लेगा. यह अभ्यास 13 अक्टूबर से शुरू होकर 26 अक्टूबर 2025 तक चलेगा.
गोरखा राइफल्स कर रही नेतृत्व
बताया गया है कि भारतीय सेना के इस दल का नेतृत्व गोरखा राइफल्स की एक बटालियन कर रही है, जिसमें अन्य हथियार और सेवा शाखाओं के सैनिक भी शामिल हैं. इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य दोनों सेनाओं के बीच सैन्य सहयोग, तालमेल और आपसी समझ को मजबूत करना है.
खुले और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों पर फोकस
रक्षा मंत्रालय के अनुसार, यह संयुक्त अभ्यास खुले और अर्ध-रेगिस्तानी इलाकों में संयुक्त कंपनी स्तर के अभियानों पर केंद्रित होगा. अभ्यास के दौरान सैनिक संयुक्त योजना, सामरिक अभ्यास और विशेष हथियार कौशल जैसे विभिन्न मिशनों को अंजाम देंगे. यह अभ्यास परिचालन क्षमताओं को निखारने, उभरती प्रौद्योगिकियों को एकीकृत करने और युद्ध के माहौल में संयुक्त रूप से संचालन करने का एक मूल्यवान अवसर प्रदान करेगा.
रणनीतियों और तकनीकों का आदान-प्रदान
इस अभ्यास के दौरान, दोनों देशों के सैनिक शहरी और अर्ध-शहरी इलाकों में असममित युद्ध (sub-conventional warfare) की रणनीतियों, तकनीकों और प्रक्रियाओं का आदान-प्रदान करेंगे. प्रशिक्षण संयुक्त अभियानों, रणनीतिक योजनाओं और विशेष हथियार कौशल पर केंद्रित रहेगा.
यह भी पढे: दिल्ली में बड़ा संकट: पानी की कमी से तीन बड़े मॉल बंद होने की कगार पर, मचा हाहाकार