दिवाकर कुमारन्यूज11 भारत
मुंगेर/डेस्क: मुंगेर में जब मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के कार्यक्रम में पूरा प्रशासन व्यस्त था, उसी दौरान बेखौफ चोरों ने जिलाधिकारी के प्रधान आशुलिपिक के सरकारी क्वार्टर में दिनदहाड़े लाखों की चोरी कर पुलिस को खुली चुनौती दे दी. घटना कासिम बाजार थाना क्षेत्र की है, जहां 24 घंटे बाद भी पुलिस के हाथ खाली हैं.
मामला कासिम बाजार थाना क्षेत्र के बेलन बाजार स्थित सरकारी क्वार्टर नंबर-41 का है. यहां रहने वाले जिलाधिकारी के प्रधान आशुलिपिक राजू कुमार शुक्रवार सुबह सीएम ड्यूटी में गए थे. घर पर ताला लगा था और परिवार के सदस्य भी बाहर थे.
दोपहर करीब 2 बजे जब वे लौटे, तो अंदर का नजारा देख हैरान रह गए. बरामदे का गेट खुला था, कमरों के ताले टूटे पड़े थे और सामान बिखरा हुआ था. चोरों ने गोदरेज तोड़कर करीब डेढ़ लाख रुपये नकद, सोने-चांदी के जेवरात, सिक्के, बिस्किट, एक आईफोन, लैपटॉप, टैब चार्जर और बच्चों के गुल्लक तक नहीं छोड़े. बताया जा रहा है कि चोर क्वार्टर नंबर-42 की छत के रास्ते 41 नंबर क्वार्टर में घुसे और वारदात को अंजाम दिया. हैरानी की बात ये है कि उसी वक्त शहर में मुख्यमंत्री का कार्यक्रम चल रहा था और सुरक्षा के कड़े इंतजाम भी थे. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की. लेकिन 24 घंटे बीत जाने के बाद भी पुलिस को कोई ठोस सुराग नहीं मिला है.अज्ञात चोरों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है. पुलिस जांच में जुटी है, जल्द ही चोरों की पहचान कर गिरफ्तारी और सामान की बरामदगी की जाएगी. इस मामले को लेकर सरकारी क्वार्टर में रहने वाले सरकारी कर्मियों ने जिला प्रशासन से सुरक्षा को ले क्वार्टर परिसर में गार्ड की तैनाती और सीसीटीवी लगवाने की मांग की है . साथ ही बताया कि सरकारी क्वार्टर परिसर के अन्य क्वार्टरों में भी पहले भी चोरी की घटना घट चुकी है .
यह भी पढ़ें: बेगूसराय में दबंगों का तांडव, घर पर चढ़कर फायरिंग और पत्थरबाजी, मामूली विवाद ने लिया हिंसक रूप, एक आरोपी गिरफ्तार