नीरज कुमार साहू/न्यूज़11 भारत
गुमला /डेस्क: बसिया में भाजपा कार्यकर्ताओं ने मंडल अध्यक्ष नवीन सिंह अगुवाई में प्रखंड कार्यालय का घेराव किया. इस दौरान गुमला जिला भाजपा मंत्री विजय सिंह पिंटू ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी झारखंड प्रदेश के द्वारा झारखंड में हो रहे भ्रष्टाचार और बढ़ रहे आपराधिक गतिविधि को लेकर सभी जिले के प्रखंड कार्यालय का घेराव एवं जन आक्रोश प्रदर्शन करने के निर्देश के अनुसार यह कार्यक्रम किया जा रहा है.
आगे उन्होंने कहा कि पूरे झारखंड में व्यापक रूप से भ्रष्टाचार फैला हुआ है और अपराधी बेलगाम हो गए हैं. भ्रष्टाचार का पहला पड़ाव प्रखंड कार्यालय ही होता है. प्रखंड कार्यालय में बिना पैसे का किसी भी प्रकार का काम करना मुश्किल है. तो वहीं झारखंड में अपराधी इतने बेलगाम हो गए हैं कि सोशल मीडिया में आकर खुली धमकी दे रहे हैं और झारखंड सरकार और झारखंड की पुलिस प्रशासन उन्हें पकड़ने में नाकाम साबित हो रही है. झारखंड सरकार की अब दमनकारी नीति नहीं चलेगी.
वहीं इस आक्रोश प्रदर्शन के अगुवाई कर रहे मंडल अध्यक्ष नवीन सिंह ने कहा कि प्रखंड लेवल में भी इतना भ्रष्टाचार है कि प्रखंड कार्यालय छात्र हो या आमजन रोज प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाते हैं. पर उनका काम नहीं होता है. इस दौरान झारखंड सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी भी की गई. मौके पर बसिया भाजपा मंडल के सभी कार्यकर्ता मौजूद थे.