न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार के राजगीर थाना क्षेत्र स्थित झुनकिया बाबा मंदिर के पास हुई दो युवकों की पीट-पीटकर हत्या (मॉब लिंचिंग) के मामले में एक बड़ा सनसनीखेज मोड़ आ गया है। इस खौफनाक वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिस महकमे में खलबली मच गई है। आनन-फानन में कार्रवाई करते हुए पुलिस ने इस मामले में तीन साधुओं को हिरासत में ले लिया है। वहीं, वीडियो में दिख रहे कुछ अन्य साधु और एक गाड़ी का ड्राइवर फिलहाल फरार हैं, जिनकी तलाश में छापेमारी की जा रही है।
रोंगटे खड़े कर देने वाला वीडियो आया सामने, रहम की भीख मांगता रहा युवक
घटना के तीन दिन बाद सोशल मीडिया पर जो वीडियो वायरल हुआ है, वह बेहद विचलित करने वाला है। फुटेज में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि एक युवक को कुछ लोगों ने चारों तरफ से घेर रखा है और उस पर डंडों से ताबड़तोड़ वार किए जा रहे हैं। युवक जान बचाने के लिए हमलावरों के सामने लगातार गिड़गिड़ा रहा है और रहम की भीख मांग रहा है, लेकिन बेकाबू भीड़ बिना किसी दया के उसे बेरहमी से पीटती जा रही है। इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस की शुरुआती तफ्तीश और दावों पर भी गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
चोरी के आरोप में दो दिहाड़ी मजदूरों को उतारा मौत के घाट
यह पूरी घटना 15 जून की है, जब झुनकिया बाबा मंदिर के पास चोरी के आरोप में दो युवकों को पकड़ा गया था। भीड़ ने दोनों की इस कदर पिटाई की कि अस्पताल में इलाज के दौरान उनकी जान चली गई। मृतकों की पहचान दीपनगर थाना क्षेत्र के गंजपर गांव निवासी पिंटू पासवान (22 वर्ष, पिता अमरदीप पासवान) और श्रवण कुमार (22 वर्ष, पिता नरेश पासवान) के रूप में हुई है। परिजनों के मुताबिक, दोनों युवक सीधे-साधे थे और मजदूरी करके अपने परिवार का पेट पालते थे।
परिजनों का आरोप: मेला घुमाने के बहाने साजिश रचकर की गई हत्या
इस खूनी वारदात के बाद मृतकों के घरों में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों ने चोरी के आरोपों को पूरी तरह खारिज करते हुए इसे एक सोची-समझी साजिश बताया है। उनका गंभीर आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग पिंटू और श्रवण को मेला घुमाने के बहाने अपने साथ राजगीर लेकर आए थे। इसके बाद साजिश के तहत उन्हें चोर बताकर भीड़ के हवाले कर दिया गया, जिससे उनकी जान चली गई। परिजनों ने इस पूरे मामले में सख्त से सख्त सजा की मांग की है।
सवालों के घेरे में मंदिर के महंत का दावा
इस मामले की शुरुआत में झुनकिया बाबा मंदिर के महंत शरण जी महाराज ने एक अलग कहानी बताई थी। उनका दावा था कि मंदिर में पहले भी चोरियां हो चुकी हैं और 15 जून की सुबह चार लोग चोरी के इरादे से घुसे थे। महंत ने कहा था कि पकड़े जाने के बाद युवकों के साथ मंदिर परिसर में कोई मारपीट नहीं हुई थी और उन्हें सुरक्षित पुलिस को सौंप दिया गया था। लेकिन अब वायरल वीडियो ने महंत के इन दावों की पोल खोल कर रख दी है, क्योंकि वीडियो में मंदिर के आसपास ही युवक को बेरहमी से पीटते हुए देखा जा रहा है। इसी के आधार पर पुलिस ने मंदिर से जुड़े तीन साधुओं को दबोच लिया है और आगे की पूछताछ जारी है।