न्यूज़11 भारत
पटना/डेस्क: पटनावासियों का मेट्रो का सपना जल्द ही पूरा हो सकता है. रेड लाइन पर जल्द ही मेट्रो का परिचालन शुरू होने की संभावना है. परिचालन शुरू करने से पहले सोमवार को मेट्रो रेल संरक्षा आयुक्त (सीएमआरएस) जनक कुमार गर्ग ने इसका अंतिम निरीक्षण किया. बताया जा रहा है कि सीएमआरएस निरीक्षण से संतुष्ट दिखे और दो दिनों के भीतर इसकी रिपोर्ट पटना मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को सौंप दी जाएगी. उम्मीद जताई जा रही है कि मेट्रो का उद्घाटन चार या पांच अक्टूबर को हो सकता है, हालांकि आधिकारिक तौर पर सीएमआरएस की रिपोर्ट आने के बाद ही उद्घाटन की तारीख घोषित की जाएगी.
निरीक्षण में क्या हुआ?
निरीक्षण के दौरान सीएमआरएस टीम के साथ नगर विकास एवं आवास विभाग के सचिव अभय कुमार सिंह और सचिव सह पीएमआरसीएल की अपर प्रबंध निदेशक अभिलाषा शर्मा सहित कई अधिकारी मौजूद थे.
सीएमआरएस टीम सबसे पहले डिपो पहुंची, जहां कंट्रोल एंड कमांड सेंटर सहित कई भवनों और यंत्रों का निरीक्षण किया. इसके बाद मेट्रो ट्रेन पर सवार होकर डिपो से आईएसबीटी, जीरो माइल होते हुए भूतनाथ स्टेशन तक गए. इस दौरान मेट्रो 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से दूसरी बार दौड़ी. निरीक्षण के क्रम में सभी स्टेशनों पर 15 से 20 मिनट तक रुककर उन्होंने स्थल और उपकरणों का जायजा लिया.
सुरक्षा पर जोर
सीएमआरएस ने रोलिंग स्टॉक, स्टेशन सुविधाओं और डिपो के हर बिंदु की समीक्षा की और संरक्षा व परिचालन मानकों का पालन सुनिश्चित करने को कहा. उन्होंने जोर देकर कहा कि जन सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और मेट्रो संचालन प्रारंभ करने के लिए सभी सुरक्षा और परिचालन प्रोटोकॉल का पूर्ण पालन अनिवार्य है. रेड लाइन के न्यू पाटलिपुत्र बस टर्मिनल, जीरोमाइल और भूतनाथ स्टेशन के बीच 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से मेट्रो दौड़ेगी. इसी कारण सोमवार को सुरक्षा आयुक्त की मौजूदगी में इन तीनों स्टेशनों के बीच अधिकतम 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से ट्रेन का सफल परिचालन किया गया.
रेड लाइन के तीन स्टेशनों पर तेजी से फिनिशिंग का कार्य शुरू
रेड लाइन के तीन स्टेशनों पर तेजी से फिनिशिंग का कार्य चल रहा है. हालांकि सभी स्टेशनों पर टिकट काउंटर, यात्री के प्रवेश व निकास द्वार, लिफ्ट, एस्केलेटर सहित अन्य का निर्माण पूरा कर लिया गया है, लेकिन जीरो माइल और आईएसबीटी स्टेशन के प्रवेश द्वार के समीप फिनिशिंग का कार्य अभी भी जारी है.
यह भी पढ़े: झारखंड का चमत्कारी दिउड़ी मंदिर: 12वीं सदी में विश्वकर्मा ने बनाया था यह मंदिर, जहां विराजती हैं 'सोलहभुजी मां'