इन्द्रदेव/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: आगामी होली पर्व को लेकर चलाए जा रहे विशेष नशा मुक्ति अभियान के तहत नोहट्टा पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है. पुलिस ने हेमपुर महादलित टोला में छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद करते हुए उसे मौके पर ही नष्ट कर दिया. सोमवार को की गई इस कार्रवाई के दौरान पुलिस ने करीब 700 लीटर अवैध देसी शराब जब्त की. साथ ही शराब निर्माण में उपयोग किए जा रहे उपकरणों एवं लहान को भी पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया. पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबारियों के बीच हड़कंप मच गया. बताया गया कि होली पर्व के दौरान अवैध शराब की बिक्री और सेवन पर रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान चलाया जा रहा है. पुलिस लगातार छापेमारी कर शराबबंदी कानून को प्रभावी बनाने में जुटी हुई है. छापेमारी अभियान का नेतृत्व कर रहे अपर थानाध्यक्ष रोशन कुमार ने आम लोगों से अपील करते हुए कहा कि शराब बेचने या बनाने वालों की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके.
यह भी पढ़े: समस्तीपुर में JDU नेता के घर फायरिंग, कार हुई क्षतिग्रस्त