न्यूज11 भारत / पटना डेस्क : बिहार की राजनीति में बड़े बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के संभावित इस्तीफे और नई सरकार के गठन को लेकर एक विस्तृत शेड्यूल सामने आया है, जिसमें अप्रैल महीने के दौरान कई अहम राजनीतिक घटनाक्रम तय माने जा रहे हैं।
सबसे पहले 6 अप्रैल को मुख्यमंत्री आवास पर जेडीयू की राज्य कार्यकारिणी की बैठक प्रस्तावित है, जिसमें आगे की रणनीति पर चर्चा होगी। इसके बाद 9 अप्रैल को नीतीश कुमार दिल्ली रवाना होंगे, जहां उसी दिन जेडीयू की राष्ट्रीय परिषद और राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में हिस्सा लेंगे।
दिल्ली दौरे के दौरान 9 अप्रैल की शाम उनकी मुलाकात केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से प्रस्तावित है। वहीं 10 अप्रैल को नीतीश कुमार राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। इसी दिन उनकी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी मुलाकात होने की संभावना जताई जा रही है।
दिल्ली में कार्यक्रमों के बाद 11 अप्रैल को नीतीश कुमार पटना लौटेंगे। इसके बाद 12 या 13 अप्रैल को पटना में एनडीए विधायक दल की बैठक बुलाई जा सकती है, जिसमें विधायक दल का नेता चुना जाएगा। यही नेता बिहार का अगला मुख्यमंत्री बनेगा।
इस पूरे घटनाक्रम के तहत 14 अप्रैल को नीतीश कुमार मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा दे सकते हैं। इसके बाद 18 अप्रैल से पहले राज्य में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया पूरी होने की संभावना है। इस शेड्यूल को देखते हुए साफ है कि बिहार की राजनीति में अप्रैल का महीना बेहद अहम रहने वाला है, जहां नेतृत्व परिवर्तन और नई सरकार के गठन को लेकर तेज़ी से घटनाएं आगे बढ़ेंगी।