न्यूज11 भारत / नवादा : बिहार के नवादा जिले में गुरुवार को एक भीषण सड़क हादसा हो गया, जिसमें एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना कादिरगंज थाना क्षेत्र के पटवा सराय गांव के पास की है, जहां एक परिवार छठी कार्यक्रम से लौट रहा था।
बताया जा रहा है कि कार तेज रफ्तार में थी और अचानक चालक का नियंत्रण खो गया। इसके बाद कार सड़क से करीब 50 फीट दूर खेत में जा पलटी। हादसा इतना जबरदस्त था कि कार पलटने के बाद काफी दूरी तक घिसटती चली गई और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।
इस दुर्घटना में अकौना डीहा निवासी 32 वर्षीय सनोज कुमार यादव की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, नॉलेज कुमार, मोनू कुमार और एक छोटा बच्चा गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका इलाज जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही कादिरगंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए नवादा सदर अस्पताल भेज दिया। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्राथमिक जांच में हादसे का कारण तेज रफ्तार और संभवतः चालक की थकान को माना जा रहा है।
इस खबर को भी पढ़ें- bihar news today :पटना से दिल्ली जाएंगे नीतीश कुमार, राज्यसभा की शपथ के बाद दे सकते हैं सीएम पद से इस्तीफा