अमन/न्यूज़11 भारत
बिहार/डेस्क: नवादा जिले के पकरीबरामा थाना क्षेत्र के पीनपड़वा गांव में भूमि विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच खूनी संघर्ष हो गया. इस मारपीट में आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं, जिन्हें सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
यह घटना महेंद्र चौहान और ब्रह्मदेव चौहान के बीच लगभग पांच कट्ठा जमीन के विवाद को लेकर हुई. दोनों पक्ष विवादित जमीन पर पहुंचे और उनके बीच जमकर मारपीट हुई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दोनों पक्षों ने लाठी-डंडों का इस्तेमाल किया और एक-दूसरे पर हमला किया. इस दौरान गाली-गलौज भी हुई.
घायलों में महेंद्र चौहान के परिवार के आठ सदस्य शामिल है. घायल के परिजन रंजीत कुमार ने बताया कि यह उनकी अपनी जमीन है, जिस पर कुछ लोग कब्जा करने की कोशिश कर रहे थे. जब वे लोग जमीन पर मकान बनाने गए, तभी उन पर लाठी-डंडों से हमला किया गया, जहां जख्मी की पहचान महेंद्र चौहान, कमलेश चौहान, सुनीता देवी, ललिया देवी, संजीत कुमार और किशोरी चौहान सहित अन्य जख्मी हो गया है. घटना की सूचना मिलने पर आपातकालीन सेवा 112 की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने स्थिति को शांत कराया और सभी घायलों को इलाज के लिए सदर अस्पताल पहुंचाया. इलाज के बाद घायल पक्ष के परिजनों ने पुलिस को लिखित आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. फिलहाल, दोनों पक्षों के बीच तनाव का माहौल बना हुआ है.
यह भी पढ़े: भागलपुर में ज्वेलर्स की दुकान से 12 लाख के आभूषण चोरी, आरोपी ने खुद को PWD कर्मचारी बताकर फुसलाया