अभिषेक राज/न्यूज11 भारत
गयाजी/डेस्क: जिले के बेलागंज थाना क्षेत्र के उज्जे गांव में बच्चों के खेल से शुरू हुआ मामूली विवाद देखते ही देखते दो समुदायों के बीच हिंसक झड़प में बदल गया. दोनों पक्षों के बीच हुई पत्थरबाजी में एक गर्भवती महिला समेत तीन लोग घायल हो गए. घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया.
जानकारी के अनुसार गांव के मैदान में कुछ बच्चे गेंद से खेल रहे थे. इसी दौरान गेंद पास से गुजर रहे दूसरे समुदाय के एक व्यक्ति को लग गई. इसे लेकर पहले कहासुनी हुई और देखते ही देखते दोनों पक्षों के लोग आमने-सामने आ गए. विवाद बढ़ने पर अचानक पत्थरबाजी शुरू हो गई, जिससे अफरातफरी मच गई.
पत्थरबाजी में 21 वर्षीय गर्भवती ललिता देवी, 60 वर्षीय सिंधु देवी और विनोद साव घायल हो गए. सूचना मिलते ही बेलागंज थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया. सभी घायलों को बेलागंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद सिंधु देवी को बेहतर इलाज के लिए गया रेफर कर दिया गया.
ग्रामीणों के अनुसार गांव में पिछले कुछ दिनों से तनाव बना हुआ था. पुलिस मामले की जांच कर रही है और असामाजिक तत्वों की पहचान की जा रही है. गांव में फिलहाल पुलिस निगरानी बढ़ा दी गई है.
यह भी पढ़ें: गोपालगंज में स्थानीय नेता पर दलितों से मारपीट व फायरिंग का आरोप, वीडियो वायरल; दो गिरफ्तार