न्यूज़11 भारत
कोडरमा/डेस्क: कोडरमा के रांची-पटना मुख्य मार्ग पर कच्चा तेल लदा टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. टैंकर पलटते ही तेल लूटने के लिए ग्रामीणों की भीड़ उमड़ पड़ी. घटना कोडरमा सदर थाना क्षेत्र के मेघातरी कालीमंडा के पास हुई.
बताया जा रहा है कि टैंकर बंगाल के हल्दिया से कच्चा तेल लेकर नेपाल जा रहा था, तभी सामने से आ रही बोलेरो को बचाने के चक्कर में टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया. टैंकर पलटते ही सड़क पर तेल बहने लगा और देखते ही देखते सैकड़ों ग्रामीण बाल्टी, ड्रम लेकर मौके पर पहुंच गए और तेल लूटने लगे.
सूचना पर सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों को खदेड़ा. क्रेन की मदद से टैंकर को हटाने का काम शुरू किया गया. हादसे में चालक को मामूली चोट आई है. बताया जा रहा है कि टैंकर में सोयाबीन तेल बनाने वाला कच्चा माल था, जो बिना रिफाइंड के सेहत के लिए खतरनाक हो सकता है. पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है.
इसे भी पढ़ें: JPSC के पूर्व अध्यक्ष एल. खियांग्ते की जमानत याचिका ख़ारिज