गौरव पाल/न्यूज़ 11 भारत
बहरागोड़ा/डेस्क: सरस्वती शिशु मंदिर, पाटपुर दरखुली के प्रांगण में 'होली महोत्सव' का आयोजन बड़े ही उत्साह और उमंग के साथ किया गया. रंगों के इस पावन त्योहार पर पूरा विद्यालय परिसर खुशियों के गुलाल से सराबोर नजर आया.वहीं कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के प्रधानाचार्य मधुसूदन साहू ने किया. उन्होंने भैया-बहनों को संबोधित करते हुए होली के आध्यात्मिक और सामाजिक महत्व पर प्रकाश डाला. उन्होंने बताया कि होली का प्रत्येक रंग हमारे जीवन में सकारात्मकता और प्रेम का प्रतीक है. प्रधानाचार्य जी ने बच्चों को सुरक्षित और सद्भावनापूर्ण तरीके से त्योहार मनाने की सीख दी.इस अवसर पर विद्यालय के भैया-बहनों ने एक-दूसरे को तिलक स्वरूप गुलाल लगाकर पर्व की बधाई दी. महोत्सव के दौरान विभिन्न प्रकार के सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जिसमें छात्रों ने होली के गीतों और नृत्यों के माध्यम से भारतीय संस्कृति की सुंदर झलक प्रस्तुत की.साथ ही विद्यालय के अध्यक्ष श्री रोहित कुमार कुईला ने अपने संबोधन में सभी को प्रेरित करते हुए कहा कि होली केवल रंगों का त्योहार नहीं है, बल्कि यह आपसी मतभेद भुलाकर जीवन में खुशियां फैलाने का माध्यम है. हमें इन रंगों के माध्यम से समाज में भाईचारे का संदेश देना चाहिए.वहीं कार्यक्रम का समापन गरिमापूर्ण तरीके से राष्ट्रगान के साथ हुआ. इस दौरान विद्यालय के सभी शिक्षक, कर्मचारी और विद्यार्थी उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: नीतीश कुमार के राज्यसभा जाने की खबरों के बीच पप्पू यादव ने बीजेपी पर कसा तंज