नीरज कुमार साहू/न्यूज11 भारत
बसिया/डेस्क: प्रखंड के कोनबीर बाजार टांड़ स्थित विवाह मंडप में मंगलवार को एसआईआर (SIR) को लेकर बसिया प्रखंड कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई. इस बैठक में मुख्य रूप से सिसई विधानसभा प्रभारी आतिफ सिद्दीकी और गुमला जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा उपस्थित थे.
बैठक के दौरान मुख्य रूप से 'अनमैप्ड' (छूटे हुए) मतदाताओं का मुद्दा जोर-शोर से उठा. विधानसभा प्रभारी आतिफ सिद्दीकी ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि आगामी चुनावों के मद्देनजर कोई भी पात्र मतदाता छूटने न पाए. उन्होंने निर्देश दिया कि सभी कार्यकर्ता बूथ स्तर तक सक्रिय होकर अनमैप्ड लोगों की पहचान करें. छूटे हुए लोगों का नाम मतदाता सूची में जोड़ने की प्रक्रिया में हर संभव सहयोग करें. इसके लिए घर-घर संपर्क अभियान चलाकर विशेष रणनीति के तहत काम किया जाए.
जिला अध्यक्ष राजनील तिग्गा और विधानसभा प्रभारी ने संगठन की मजबूती पर बल देते हुए कार्यकर्ताओं की बूथवार जिम्मेदारी तय की. नेताओं ने कहा कि जमीनी स्तर पर मजबूत पकड़ बनाने के लिए कार्यकर्ताओं को हर घर तक पहुंचना होगा और जनता की समस्याओं को भी सुनना होगा.
इस संगठनात्मक बैठक में मुख्य रूप से झारखंड प्रदेश महासचिव चैतू उरांव, प्रदेश सचिव रोशन बारवा, प्रखंड अध्यक्ष विकास साहू, सुशील कुमार होता, अभय चौधरी, और जेडी नायक सहित भारी संख्या में प्रखंड कांग्रेस के कार्यकर्ता और पदाधिकारी मौजूद थे.
यह भी पढ़ें: बरवाडीह में DDC सैयद रियाज अहमद ने किया प्रखंड कार्यालय का औचक निरीक्षण, 15 दिनों में कार्य में तेजी लाने का निर्देश