राहुल कुमार/न्यूज11 भारत
शेरघाटी/डेस्क: रामनवमी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने को लेकर सोमवार को प्रखंड कार्यालय शेरघाटी के सभा कक्ष में अनुमंडल स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित की गई. बैठक की अध्यक्षता जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर एवं वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने संयुक्त रूप से की.
बैठक में उपस्थित आम नागरिकों एवं रामनवमी पूजा समितियों के सदस्यों ने प्रशासन से प्रमुख स्थानों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, जुलूस मार्गों पर सुरक्षा व्यवस्था और रात्रि के समय शोभायात्रा मार्ग में समुचित प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित कराने की मांग की.
इस दौरान वरीय पुलिस अधीक्षक सुशील कुमार ने स्पष्ट कहा कि जिले में पूर्व से चिह्नित बदमाशों और सांप्रदायिक गतिविधियों में शामिल रहे तत्वों पर प्रशासन की कड़ी नजर है. किसी भी प्रकार की गड़बड़ी या अफवाह फैलाने की कोशिश बर्दाश्त नहीं की जाएगी. उन्होंने कहा कि उपद्रवियों से सख्ती से निपटा जाएगा और डीजे पर पूर्व की तरह पूर्ण प्रतिबंध रहेगा. आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ विधि सम्मत कार्रवाई की जाएगी.
जिला पदाधिकारी शशांक शुभंकर ने लोगों से आपसी भाईचारा बनाए रखते हुए पर्व मनाने की अपील की. उन्होंने कहा कि “सबके खून का रंग एक है, फिर आपसी नफरत क्यों.” उन्होंने यह भी बताया कि नए कानूनों के तहत अब मोबाइल से लिए गए फोटो और वीडियो भी सशक्त साक्ष्य माने जाएंगे, इसलिए किसी भी गलत गतिविधि में शामिल होने से बचें.
डीएम ने चिंता जताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में 30 से 45 वर्ष तक के लोग भी संलिप्त पाए जा रहे हैं, जो न केवल अपना बल्कि अपने परिवार का भविष्य भी खतरे में डाल रहे हैं. उन्होंने हाल ही में संपन्न ईद पर्व का उल्लेख करते हुए कहा कि आगामी रामनवमी भी आपसी सौहार्द और मिलजुलकर मनाने का अवसर है, जिससे समाज में सकारात्मक संदेश जाए.
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी मनीष कुमार, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी अजय कुमार एवं थानाध्यक्ष मोहन कुमार ने भी लोगों से कानून का पालन करते हुए शांतिपूर्ण तरीके से पर्व मनाने की अपील की.
इस अवसर पर भाजपा के पश्चिमी जिलाध्यक्ष प्रेम प्रकाश उर्फ चिंटू सिंह, उप मुख्य पार्षद तारकेश्वर चौधरी, कार्यपालक पदाधिकारी ऋचा प्रियदर्शिनी, जदयू नेता ज्योति कुमारी, बीडीओ स्नेहिल आनंद सहित कई जनप्रतिनिधि एवं गणमान्य लोग उपस्थित रहे.
यह भी पढ़ें: साकची बाजार बाल मंदिर में हुआ संगीतमय सुंदरकांड पाठ, जय श्रीराम के नारों से गूंजी पूरी साकची