न्यूज़11 भारत
पलामू/डेस्क: पांडू और हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के सीमावर्ती जंगल से शुक्रवार को एक महिला का कंकाल बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई. मृतका की पहचान पांडू थाना क्षेत्र के भटवलिया गांव निवासी सुनीता देवी के रूप में की गई है. वह बीते 29 मई से लापता थीं. परिजनों ने घटनास्थल पर मिले कपड़ों के आधार पर उनकी पहचान की.
लकड़ी चुनने गई थी जंगल, फिर नहीं लौटी
जानकारी के अनुसार, सुनीता देवी अक्सर हुसैनाबाद थाना क्षेत्र के लोहबंधा माहूर इलाके के जंगलों में लकड़ी चुनने जाया करती थीं. 29 मई को भी वह घर से लकड़ी चुनने के लिए निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं. इसके बाद परिजनों ने अपने स्तर से काफी खोजबीन की, रिश्तेदारियों में पता लगाया, लेकिन उनका कहीं कोई सुराग नहीं मिला.
मवेशी चराने गए ग्रामीणों को मिली लाश
शुक्रवार को पांडू और हुसैनाबाद के सीमावर्ती जंगल में कुछ स्थानीय ग्रामीण मवेशी चराने गए थे. इसी दौरान उन्हें जंगल के एक हिस्से से भारी दुर्गंध आई. जब ग्रामीण उस तरफ बढ़े, तो उन्होंने एक महिला का क्षत-विक्षत शव (कंकाल) देखा. ग्रामीणों ने तुरंत इसकी सूचना स्थानीय पुलिस और भटवलिया गांव के लोगों को दी.
पुलिस और परिजनों ने की शिनाख्त, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही पांडू थाना पुलिस और मृतका के परिजन मौके पर पहुंचे. शव की स्थिति काफी खराब थी, लेकिन वहां पड़े कपड़ों को देखकर परिजनों ने चीख-पुकार मचा दी और उसकी पहचान सुनीता देवी के रूप में की.
बिश्रामपुर एसडीपीओ चिरंजीवी कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा- "परिजनों ने कपड़ों के आधार पर महिला की पहचान की है. पुलिस ने कंकाल को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पूरे मामले की गहनता से छानबीन की जा रही है. परिजनों से मिलने वाले आवेदन (शिकायत) के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी." पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि महिला की मौत किसी हादसे का शिकार होने से हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के सही कारणों का खुलासा हो पाएगा.