प्रमोद कुमार/न्यूज़11 भारत
बरवाडीह/डेस्क: बरवाडीह थाना क्षेत्र के बरवाडीह-कुटमू मुख्य मार्ग पर स्थित भगत सिंह चौक के समीप मंगलवार को दो मोटरसाइकिलों की आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. हादसे में दोनों बाइक सवार युवक घायल हो गए, जिनमें एक की स्थिति गंभीर होने पर उसे बेहतर इलाज के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया. मिली जानकारी के अनुसार, मंदीप कुमार राम (22 वर्ष), पिता विश्वनाथ राम अपनी बाइक से केचकी की ओर जा रहे थे, जबकि विनय कुमार (25 वर्ष), पिता नरेश राम रेलवे स्टेशन के समीप स्थित आरओएच (ROH) कार्यस्थल की ओर जा रहे थे.
इसी दौरान ठुठाकुसुम स्थित भगत सिंह चौक के पास दोनों मोटरसाइकिलों के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी भीषण थी कि एक बाइक का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया. दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई. स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए एम्बुलेंस की सहायता से दोनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) बरवाडीह पहुंचाया. सीएचसी में चिकित्सक अनुपमा एक्का एवं ड्रेसर कुंदन कुमार द्वारा दोनों घायलों का प्राथमिक उपचार किया गया.
उपचार के दौरान एक युवक की हालत गंभीर पाई गई, जिसके बाद उसे बेहतर चिकित्सा सुविधा के लिए एमएमसीएच मेदिनीनगर रेफर कर दिया गया.घटना की सूचना मिलते ही पूर्वी पंचायत समिति सदस्य प्रवीण कुमार भी अस्पताल पहुंचे और घायलों का हालचाल जाना. उन्होंने चिकित्सकों से घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने का आग्रह किया तथा परिजनों को हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया.वहीं, सूचना मिलते ही बरवाडीह थाना के एएसआई नीरज दुबे मौके पर पहुंचे और मामले की जानकारी ली.
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त दोनों मोटरसाइकिलों को अपने कब्जे में ले लिया है तथा दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है.स्थानीय लोगों का कहना है कि बरवाडीह-कुटमू मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने के कारण आए दिन सड़क हादसे हो रहे हैं. लोगों ने प्रशासन से सड़क सुरक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने, नियमित जांच अभियान चलाने तथा दुर्घटना संभावित स्थलों पर चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है.
यह भी पढ़ें: गुमला: आर्या ग्राम सभा में 'जन-जैव विविधता रजिस्टर' की प्रथम सूची जारी, महिलाओं का रहा अहम योगदान