प्रेम कुमार सिंह/न्यूज़11 भारत
गुमला/डेस्क: भरनो प्रखंड क्षेत्र के सरकारी स्कूलों में चोरी की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं. लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से विद्यालय प्रबंधन के साथ-साथ शिक्षक और अभिभावक भी चिंतित हैं. ताजा मामला राजकीय उत्क्रमित उच्च विद्यालय दुम्बो का है,जहां शनिवार की रात अज्ञात चोरों ने विद्यालय के किचन शेड का ताला तोड़कर मध्यान भोजन (एमडीएम) बनाने के लिए रखे तीन गैस सिलेंडर चोरी कर लिए. घटना की जानकारी रविवार को विद्यालय खुलने पर मिली. विद्यालय पहुंचने पर शिक्षकों ने देखा कि किचन शेड का ताला टूटा हुआ है और अंदर रखे तीनों गैस सिलेंडर गायब हैं. इसके बाद विद्यालय प्रबंधन द्वारा मामले की जानकारी पुलिस को दी गई.
स्कूल के शिक्षक दीपक कुमार गुप्ता ने अज्ञात चोरों के खिलाफ भरनो थाना में लिखित आवेदन देकर चोरी की घटना की जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की है. बताया जाता है कि यह विद्यालय एनएच-43 के किनारे स्थित है. इसके बावजूद चोरों ने बेखौफ होकर रात के अंधेरे में विद्यालय के किचन शेड को निशाना बनाया. किचन शेड का ताला तोड़कर सिलेंडर चोरी किए जाने की घटना ने विद्यालयों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं. गौरतलब है कि एक सप्ताह के अंदर भरनो प्रखंड के सरकारी स्कूलों में चोरी की यह चौथी घटना है. इससे पहले भी अज्ञात चोरों द्वारा डोम्बा,रायकेरा और समसेरा के सरकारी विद्यालयों के किचन शेड का ताला तोड़कर गैस सिलेंडर तथा बच्चों के मध्यान भोजन के लिए रखे चावल की चोरी की घटनाओं को अंजाम दिया जा चुका है.
लगातार हो रही इन घटनाओं से विद्यालय प्रबंधन में भय और आक्रोश का माहौल है. विद्यालयों में चोरी की घटनाओं के बावजूद अब तक चोरों की गिरफ्तारी नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद बताए जा रहे हैं. लगातार एक के बाद एक विद्यालयों को निशाना बनाए जाने से शिक्षकों और ग्रामीणों में पुलिस की कार्यशैली को लेकर भी नाराजगी देखी जा रही है. लोगों ने पुलिस प्रशासन से विद्यालयों में हुई सभी चोरी की घटनाओं की गंभीरता से जांच कर जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है. गैस सिलेंडर चोरी होने से विद्यालयों में बच्चों के लिए मध्यान भोजन तैयार करने में भी परेशानी उत्पन्न हो रही है. पीड़ित विद्यालयों के प्रधानाचार्यों और शिक्षकों का कहना है कि स्कूल में उपलब्ध गैस सिलेंडर चोरी हो जाने के बाद एमडीएम बनाने की व्यवस्था प्रभावित होती है. ऐसे में बच्चों को समय पर भोजन उपलब्ध कराने के लिए विद्यालय प्रबंधन को वैकल्पिक व्यवस्था करनी पड़ती है.
शिक्षकों का कहना है कि विद्यालयों में बच्चों के लिए रखे खाद्यान्न और एमडीएम से संबंधित सामान की सुरक्षा बेहद जरूरी है. लगातार हो रही चोरी से न सिर्फ सरकारी संपत्ति का नुकसान हो रहा है,बल्कि इसका सीधा असर विद्यालय के दैनिक संचालन और बच्चों को मिलने वाले मध्यान भोजन पर भी पड़ रहा है. विद्यालय प्रबंधन और ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन से मांग की है कि आसपास के इलाकों में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए तथा पूर्व में हुई स्कूल चोरी की घटनाओं को भी जोड़कर जांच की जाए,ताकि चोरी की घटनाओं में शामिल गिरोह का पता लगाकर उस पर रोक लगाई जा सके.