मुजफ्फरपुर पुलिस ने आम्रपाली ज्वेलर्स लूटकांड का ख

खेत से निकला लूटा हुआ सोना! मुजफ्फरपुर पुलिस ने सुलझाया दामोदरपुर ज्वेलर्स कांड, 33 लाख के आभूषण बरामद

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क(चंद्र प्रकाश, मुजफ्फरपुर)मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र अंतर्गत दामोदरपुर स्थित 'आम्रपाली ज्वेलर्स' में हुई करोड़ों की रंगदारी और सनसनीखेज लूटकांड का पुलिस ने महज कुछ ही दिनों के भीतर सफलतापूर्वक पटाक्षेप कर दिया है. पुलिस ने इस मामले में कड़ा एक्शन लेते हुए एक महिला सहित कुल चार शातिर अपराधियों को दबोचा है. इनके पास से लूटे गए करीब 33 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, वारदात में इस्तेमाल हथियार और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं.

क्या थी घटना? हथियार के बल पर मची थी सनसनी

बीती 12 जून 2026 को चार नकाबपोश अज्ञात अपराधियों ने हथियार चमकाते हुए दामोदरपुर के आम्रपाली ज्वेलर्स में धावा बोला था. बदमाशों ने दुकानदार को बंधक बनाकर करीब 300 ग्राम सोना, 10 किलो चांदी और कैश लूट लिया था. वारदात को अंजाम देकर भागने के दौरान अपराधियों ने इलाके में दहशत फैलाने के लिए ताबड़तोड़ फायरिंग भी की थी. हालांकि, स्थानीय लोगों और पुलिस की तत्परता से मौके पर ही एक आरोपी अशोक सहनी को दबोच लिया गया था, जिससे पुलिस को बड़ा सुराग मिला.

SSP के निर्देश पर बनी SIT, खेत से निकला लूटा हुआ 'खजाना'

घटना की संवेदनशीलता को देखते हुए वरीय पुलिस अधीक्षक (SSP) कांतेश कुमार मिश्रा के निर्देश पर एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया. पुलिस ने तकनीकी सर्विलांस और मानवीय खुफिया इनपुट के आधार पर लगातार कई ठिकानों पर छापेमारी की.

एसएसपी कांतेश कुमार मिश्रा ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर बताया कि पूछताछ के दौरान गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने एक खेत में छापेमारी की, जहां मिट्टी के नीचे छुपाकर रखे गए आभूषणों का जखीरा बरामद हुआ.

बरामदगी की कुल लिस्ट:

  • सोना: 195.97 ग्राम (बाजार मूल्य करीब ₹29.5 लाख)

  • चांदी: 1431.51 ग्राम (बाजार मूल्य करीब ₹3.5 लाख)

  • हथियार: 1 अवैध पिस्टल और 2 जिंदा कारतूस

  • अन्य: आभूषणों के साथ लूटा गया दुकान का पर्स और संबंधित दस्तावेज (redacted)

आपस में रिश्तेदार हैं आरोपी, मुख्य सरगना का है आपराधिक इतिहास

गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अशोक सहनी, अमीर सहनी, सिंधु देवी और अभिषेक साहनी के रूप में हुई है. पुलिस के मुताबिक, पकड़े गए आरोपी आपस में ही रिश्तेदार हैं और इन्होंने मिलकर इस पूरी लूट की प्लानिंग की थी. इनमें से मुख्य आरोपी अशोक साहनी का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और उसके खिलाफ साहेबगंज थाने में पहले से भी गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं.

अन्य आरोपियों की तलाश जारी, दर्ज हुआ नया केस

एसएसपी ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों ने आम्रपाली ज्वेलर्स में लूट की बात कबूल कर ली है. इनके पास से मिले अवैध हथियारों के संबंध में कांटी थाने में आर्म्स एक्ट के तहत एक अलग से नया मामला दर्ज किया गया है. पुलिस इस गिरोह के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंकेज को खंगाल रही है, साथ ही इस कांड में शामिल कुछ अन्य मददगारों की गिरफ्तारी के लिए भी संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है.