सड़कों पर DM-SP, चप्पे-चप्पे पर पुलिस, मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के स्वागत में नवादा हाई अलर्ट पर
न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क: बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के अचानक नवादा पहुंचने की खबर ने प्रशासनिक गलियारों में हलचल तेज कर दी है। मुख्यमंत्री का काफिला गया से होते हुए नवादा पहुंचेगा और यहाँ से बिहार शरीफ के रास्ते पटना की ओर प्रस्थान करेगा। इस कार्यक्रम को देखते हुए पूरे जिले में सुरक्षा के अभूतपूर्व इंतजाम किए गए हैं और पुलिस विभाग पूरी तरह मुस्तैद है।
DM और SP ने संभाली कमान; चप्पे-चप्पे पर भारी पुलिस बल तैनात
सुरक्षा और ट्रैफिक व्यवस्था में कोई कमी न रहे, इसके लिए नवादा के डीएम रवि प्रकाश और एसपी अभिनव धीमान ने खुद मोर्चा संभाल लिया है। एसडीओ और डीएसपी स्तर के अधिकारियों के साथ भारी पुलिस बल सड़कों पर मुस्तैद है। मुख्यमंत्री के रूट को पूरी तरह सुरक्षित कर दिया गया है और यातायात को सुचारू बनाए रखने के लिए पुलिस बल हर चौक-चौराहे पर पैनी नजर रख रहा है।
कार्यकर्ताओं में भारी जोश; जोरदार अभिनंदन की तैयारी
मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आगमन को लेकर स्थानीय भाजपा कार्यकर्ताओं और समर्थकों में जबरदस्त उत्साह है। गया से नवादा और फिर बिहार शरीफ की ओर जाने वाले पूरे रास्ते पर उनके भव्य स्वागत की तैयारियां की गई हैं। जगह-जगह कार्यकर्ता अपने नेता के दीदार और उनके स्वागत के लिए पलकें बिछाए बैठे हैं।
जनता की उम्मीदें: विकास और स्थानीय मुद्दों पर टिकी नजर
प्रशासनिक चुस्ती के बीच आम जनता भी मुख्यमंत्री के इस दौरे को लेकर काफी आशान्वित है। नवादा के नागरिकों को उम्मीद है कि मुख्यमंत्री का यह दौरा जिले की विकास योजनाओं को नई दिशा देगा। प्रशासन ने सुरक्षा के साथ-साथ वैकल्पिक रूटों का भी प्रबंध किया है ताकि आम लोगों को आवाजाही में कोई असुविधा न हो।