जमुई में BPSC शिक्षिका नयनश्री ने अपनी फुफेरी बहन

प्यार के लिए बदला जेंडर, जमुई में BPSC शिक्षिका ने अपनी ही बहन संग रचाई शादी

न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क( धीरज कुमार सिंह, जमुई) बिहार के जमुई जिले से एक बेहद अनोखी और हैरान कर देने वाली प्रेम कहानी सामने आई है, जो इस वक्त पूरे सूबे में चर्चा का विषय बनी हुई है। यहां एक BPSC महिला शिक्षिका ने सामाजिक बंधनों को दरकिनार करते हुए अपनी ही फुफेरी बहन से हिंदू रीति-रिवाज के साथ विवाह रचा लिया। इस अनोखे प्यार को मुकाम तक पहुंचाने के लिए उसकी बहन ने करीब छह महीने पहले अपना जेंडर चेंज करवा कर लड़का (राहुल) बनने का फैसला किया। इस पूरी जेंडर ट्रांजिशन प्रक्रिया में करीब 8 लाख रुपये का खर्च आया, जिसके लिए शिक्षिका ने बैंक से पर्सनल लोन भी लिया था।

बचपन की दोस्ती बनी मोहब्बत, पटना में साथ रहकर की BPSC की तैयारी

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मीपुर प्रखंड के हरला गांव की रहने वाली नयनश्री (22 वर्ष) और उसकी फुफेरी बहन राखी कुमारी (23 वर्ष) का बचपन साथ बीता था। दोनों परिवारों में करीबी रिश्ता होने के कारण दोनों का एक-दूसरे के घर आना-जाना था। साल 2019 में दोनों ने साथ में मैट्रिक पास की और आगे की पढ़ाई के लिए पटना चली गईं। पटना में रहकर दोनों ने BPSC परीक्षा की तैयारी शुरू की। इसी दौरान उनकी दोस्ती गहरी मोहब्बत में बदल गई। साल 2025 में नयनश्री का चयन BPSC शिक्षक भर्ती (TRE-3) में हो गया और उन्होंने प्राथमिक विद्यालय मेदिनीपुर में शिक्षिका के रूप में योगदान दिया।

दिल्ली AIIMS में बदला जेंडर, राखी से 'राहुल' बनकर रचाई शादी

जब दोनों ने साथ जीने-मरने का फैसला कर लिया, तो राह की सबसे बड़ी दीवार जेंडर बनी। इस दीवार को ढहाने के लिए राखी ने दिल्ली स्थित एम्स (AIIMS) अस्पताल में जेंडर चेंज कराने की मेडिकल प्रक्रिया पूरी की। सर्जरी के बाद राखी पूरी तरह पुरुष बन गई और उसने अपना नया नाम 'राहुल' रख लिया। इस पूरी प्रक्रिया के बाद, 31 मई 2026 को लक्ष्मीपुर के प्रसिद्ध पटेश्वर नाथ मंदिर में दोनों ने पूरे रीति-रिवाज के साथ सात फेरे लिए। राहुल ने नयनश्री की मांग में सिंदूर भरकर उसे हमेशा के लिए अपनी जीवनसंगिनी बना लिया।

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल, एक परिवार खुश तो दूसरा नाराज

शादी के बाद जब इस अनोखे विवाह की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए, तो पूरे जिले में हड़कंप मच गया। हालांकि, इस शादी को लेकर दोनों परिवारों में मतभेद हैं। लड़के (राहुल) के परिवार का कहना है कि दोनों बालिग हैं और उन्होंने अपनी मर्जी से यह फैसला लिया है, इसलिए वे इस रिश्ते से खुश हैं। वहीं, दूसरी तरफ दुल्हन (नयनश्री) के परिजन इस शादी के खिलाफ बताए जा रहे हैं।

पुलिस ने कहा- दोनों बालिग, कानूनन फैसला लेने के लिए स्वतंत्र

मामले की गंभीरता को देखते हुए स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना डायल-112 पुलिस को दी थी। मौके पर छानबीन करने के बाद पुलिस ने साफ कर दिया कि नयनश्री और राहुल दोनों ही कानूनी रूप से वयस्क हैं। भारतीय कानून के तहत दो बालिग अपनी मर्जी से साथ रहने या शादी करने के लिए पूरी तरह स्वतंत्र हैं, इसलिए इसमें कोई कानूनी अड़चन नहीं है। फिलहाल, सुरक्षा और विवादों से बचने के लिए नवविवाहित जोड़े ने अपना ठिकाना गुप्त रखा है और दोनों के मोबाइल फोन बंद आ रहे हैं।