Saturday, January 10, 2026

सूप जाएंगे भूल, जब पिएंगे रणवीर बरार स्टाइल रसम.. हर घूंट में आएगा मजा

Editor Name: News11 Bharat

दक्षिण भारतीय खाने में इडली-डोसा तो फेमस है लेकिन अब सोशल मीडिया पर रसम छाई हुई है. क्योंकि ये स्वाद और सेहत दोनों में सुपरहिट है.

खासकर बॉलीवुड एक्ट्रेस दीपिका पादुकोण की भी ये बहुत फेवरेट है.

सेलिब्रिटी शेफ रनवीर ब्रार ने अपने यूट्यूब चैनल पर दो तरह के रसम बनाने की रेसिपी बताई है. एक बिना रसम पाउडर के और दूसरी रसम पाउडर के साथ.

सर्दियों के लिए यह रेसिपी बहुत फायदेमंद है क्योंकि इसमें काली मिर्च और लहसुन का उपयोग किया गया है.

रसम गट फ्रेंडली है, इम्यूनिटी बढ़ाती है, हाइड्रेशन देती है, स्किन के लिए अच्छी है और वजन कम करने में भी मदद करती है.

सबसे पहले टमाटरों को काटकर एक कटोरे में लें और उसमें कड़ी पत्ता, बारीक कटा धनिया, कुटा लहसुन, जीरा, काली मिर्च और नमक डालें.

इसे अपने हाथों से अच्छी तरह से मैस करें ताकि टमाटर का रस और सारे मसालों का स्वाद आपस में मिल जाए. इसे 10 मिनट के लिए ऐसे ही छोड़ दें.

अब इसमें दो कप पानी डालें और इसे धीमी आंच पर पकने दें. अंत में इसमें घी, राई, मेथी दाना, सूखी लाल मिर्च और कड़ी पत्ता का तड़का लगाएं और ढेर सारा धनिया डालें.

दूसरे स्टाइल में रसम बनाने के लिए इसका पाउडर बनाना होगा.

इसके लिए कढ़ाई में थोड़ा घी लेकर उड़द दाल और चना दाल डालकर भूनें.

इसके बाद साबुत धनिया, जीरा, काली मिर्च, मेथी, सूखी लाल मिर्च और कड़ी पत्ता डालकर भूनें. ठंडा होने पर इसे मिक्सी में पीसकर पाउडर बना लें.

एक बर्तन में तेल गर्म करें, उसमें राई, कड़ी पत्ता, लाल मिर्च और कुटा हुआ लहसुन डालें. कटे हुए टमाटर और हल्दी डालकर भूनें.

अब इसमें तैयार किया हुआ रसम पाउडर डालें और साथ ही तूर दाल का पानी मिला दें.

इसमें इमली का पल्प डालें और खटास को बैलेंस करने के लिए थोड़ा सा गुड़ मिलाएं. इमली डालने के बाद इसे 7-8 मिनट तक अच्छी तरह उबलने दें ताकि स्वाद गहराई तक पहुंच जाए.