न्यूज़11 भारत
धर्म/डेस्क: पांच दिनों तक मनाये जाने वाले त्योहार दीपावली की शुरुआत धनतेरस से होती है. इस साल धनतेरस 6 नवंबर को है. धनतेरस के दिन जहां सोना, चांदी, पीतल और अन्य धातुओं के बर्तन खरीदना शुभ माना जाता है, तो वहीं धनतेरस की शाम यम का दीपक जलाने की भी परंपरा होती है.
क्यों जलाया जाता है यम का दिया ?
धार्मिक मान्यता है कि धनतेरस पर यम का दीपक अकाल मृत्यु के भय को दूर करने और परिवार की लंबी आयु की कामना के लिए जलाया जाता है.
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, कार्तिक मास के कृष्ण पक्ष की त्रयोदशी (धनतेरस) की शाम को यमराज के निमित्त दीपदान करने से परिवार के सदस्यों पर से अकाल मृत्यु या दुर्घटना का संकट टल जाता है.
यम का दीपक से जुड़ी पौराणिक कथा
एक प्राचीन कथा के अनुसार, राजा हेम के पुत्र के बारे में यह भविष्यवाणी थी कि विवाह के चौथे दिन सांप के काटने से उसकी मृत्यु हो जाएगी. उसकी पत्नी ने प्राण बचाने के लिए विवाह की रात सोने-चांदी के आभूषणों का ढेर मुख्य द्वार पर लगा दिया और बहुत से दीये जलाए. जब यमराज सर्प का रूप लेकर आए, तो दीपों की तेज रोशनी और चमक से उनकी आंखें चौंधिया गईं और वे अंदर नहीं आ सके, जिससे राजकुमार की जान बच गई. इसी घटना के बाद से धनतेरस की शाम को यम दीपदान की परंपरा शुरू हुई.
यम का दीपक जलाने की सही विधि
यह दीपक प्रदोष काल या शाम के समय, घर के सभी सदस्यों के सोने से पहले मुख्य द्वार के बाहर जलाया जाता है. यमदीप जलाने के लिए सबसे पहले मिट्टी का दीपक लें. इसमें सरसों या तिल का तेल डालें और चार बत्तियां लगाएं. इसके बाद दीपक जलाकर घर के मुख्य दरवाजे के बाहर दक्षिण दिशा की ओर रख दें. दीपक जलाते समय मन में यमराज का स्मरण करें और परिवार की सुख-शांति, स्वास्थ्य और लंबी उम्र की प्रार्थना करें.
धार्मिक शास्त्रों में दक्षिण दिशा को यमराज की दिशा माना गया है. इसलिए यह दीपक हमेशा दक्षिण दिशा की ओर मुख करके जलाया जाता है.