न्यूज11 भारत
पाकुड़/डेस्क: पाकुड़ भाजपा के ‘लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ’ कार्यक्रम के तहत व्याहुत धर्मशाला में भाजपा के पूर्व सांसद सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सुनिल सोरेन भाजपा प्रदेश प्रवक्ता दिनेश विलियम मरांडी एवं भाजपा ज़िला अध्यक्ष सुनीता मुर्मू सहित अन्य नेताओं ने प्रेस वार्ता कर कांग्रेस और विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. मौके पर कार्यक्रम का संचालन जिला महामंत्री रूपेश भगत ने किया. प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए सुनिल सोरेन ने कहा कि जब देश की सत्ता कांग्रेस के हाथों में थी, तब भी एक स्वतंत्र और स्वस्थ विपक्ष की भूमिका कायम रही. लेकिन सत्ता परिवर्तन के बाद विपक्ष जिस तरह का रवैया अपना रहा है, उससे देश में अराजकता का माहौल बनाने का प्रयास किया जा रहा है.
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र की खूबसूरती यही है कि जनता अपने जनादेश से सरकार चुनती है और विपक्ष को पांच वर्षों तक जनता की समस्याओं एवं जनहित के मुद्दों को उठाने की जिम्मेदारी निभानी होती है. विपक्ष का दायित्व है कि वह जनता की आवाज को सरकार तक पहुंचाए. भाजपा सहित कई राजनीतिक दलों ने विपक्ष में रहते हुए इस जिम्मेदारी का निर्वहन किया है. उन्होंने कहा कि चुनाव की वर्तमान व्यवस्था और उसकी परंपरा की शुरुआत कांग्रेस के शासनकाल में ही हुई थी. चाहे बैलेट पेपर से चुनाव कराने की व्यवस्था हो या ईवीएम के माध्यम से मतदान कराने की, इन व्यवस्थाओं को कांग्रेस के शासनकाल में अपनाया गया. लेकिन जब भी चुनावी परिणाम उनके अनुकूल नहीं आते हैं, तो स्थापित चुनावी व्यवस्था पर सवाल उठाने लगते हैं.
उन्होंने कहा कि केरल, कर्नाटक और झारखंड सहित कई राज्यों में विपक्षी दलों की सरकारें हैं, लेकिन वहां चुनावी व्यवस्था पर सवाल नहीं उठाए जाते. यह दुर्भाग्यपूर्ण है. सुनिल ने कहा कि सुप्रीम कोर्ट ने भी ईवीएम को लेकर सुनवाई के दौरान हैकिंग या वोट चोरी के आरोपों के समर्थन में कोई प्रमाण नहीं पाया है. उन्होंने वर्ष 1975 के आपातकाल का जिक्र करते हुए कहा कि इलाहाबाद हाईकोर्ट में तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव को लेकर फैसला उनके खिलाफ आया था. इसके बाद देश में अराजकता का हवाला देते हुए आपातकाल लागू कर दिया गया था. इस दौरान उन्होंने झारखंड सरकार पर भी निशाना साधा.
मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य दुर्गा मरांडी, पूर्व जिलाध्यक्ष अनुग्राहित प्रसाद साह, विवेकानंद तिवारी, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय, शर्मिला रजक, बृजमोहन चौबे सहित भाजपा के विभिन्न पदाधिकारी, कार्यकर्ता, सामाजिक संगठनों से जुड़े लोग एवं बड़ी संख्या में प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे. बाइट सुनिल सोरेन पूर्व सांसद सह भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष
बाइट दिनेश विलियम मरांडी भाजपा प्रदेश प्रवक्ता सह पूर्व विधायक
यह भी पढ़ें: चोरों ने बंद घर को बनाया निशाना, ताला तोड़ छह लाख के जेवरात और नकदी लेकर हुए फरार