न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
नीलकमल / पटना - पटना में राज्यपाल लेफ्टिनेंट जनरल सय्यद अता हसनैन (सेवानिवृत्त) ने माँ वैष्णो देवी सेवा समिति द्वारा आयोजित थैलेसीमिया से पीड़ित बच्चों के लिए विशेष बोन मैरो ट्रांसप्लांट के अंतिम स्क्रीनिंग शिविर का उद्घाटन किया। यह शिविर माँ ब्लड सेंटर परिसर में आयोजित किया गया।
हाईलाइट्स:
- राज्यपाल ने थैलेसीमिया पीड़ित बच्चों के लिए स्क्रीनिंग शिविर का उद्घाटन किया
- रक्तदान संस्थाओं की भूमिका को बताया अहम
- टीबी मुक्त बिहार और प्लास्टिक मुक्त अभियान पर दिया जोर
- नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर जताई चिंता
रक्तदान संस्थाओं की अहम भूमिका पर जोर
राज्यपाल ने कहा कि दुर्घटनाओं और बड़ी आपदाओं के समय रक्त की मांग काफी बढ़ जाती है, ऐसे में माँ ब्लड सेंटर जैसी संस्थाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण हो जाती है। उन्होंने संस्था के सेवा कार्यों की सराहना करते हुए इसके विस्तार की आवश्यकता बताई। उन्होंने समिति से टीबी मुक्त बिहार के लक्ष्य को हासिल करने और प्लास्टिक के उपयोग को कम करने के लिए सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की।
नशे की बढ़ती प्रवृत्ति पर जताई चिंता
राज्यपाल ने नई पीढ़ी में बढ़ते मादक पदार्थों के सेवन पर चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि पंजाब और जम्मू-कश्मीर के बाद अब बिहार में भी यह प्रवृत्ति बढ़ रही है। उन्होंने इस समस्या को शुरुआती स्तर पर ही रोकने की आवश्यकता पर बल दिया।
कई गणमान्य लोग रहे उपस्थित
कार्यक्रम में समिति के महासचिव संजय तोतला, पूर्व अध्यक्ष जगजीवन सिंह, पूर्व कोषाध्यक्ष नंदकिशोर अग्रवाल, नारायण हेल्थ सिटी, बैंगलोर के डॉ. सुनील भट्ट समेत कई सदस्य और अन्य लोग मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें - कॉमन स्कूलिंग सिस्टम पर मांझी की बड़ी मांग, बोले—गरीब-अमीर सभी बच्चों को मिले समान शिक्षा