न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना / सारण - सारण जिले के दिघवारा थाना क्षेत्र में रविवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने तीन परिवारों की खुशियां हमेशा के लिए छीन लीं। सैदपुर गांव के समीप टेंपो और तेज रफ्तार स्कॉर्पियो की आमने-सामने टक्कर में एक महिला समेत तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि पांच अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई।
हाईलाइट्स -
- सारण के दिघवारा में देर रात बड़ा सड़क हादसा
- टेंपो-स्कार्पियो की टक्कर में 3 की मौके पर मौत
- 5 लोग गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती
- शिव चर्चा से लौटते वक्त हुआ हादसा
- सीएम ने 4-4 लाख मुआवजे का किया ऐलान
शिव चर्चा से लौटते वक्त हुआ हादसा
जानकारी के मुताबिक सभी लोग दिघवारा के मानोपुर में आयोजित शिव चर्चा कार्यक्रम में शामिल होकर टेंपो से अपने गांव गड़खा थाना क्षेत्र के झौवा बसंत लौट रहे थे। इसी दौरान सैदपुर के पास अचानक तेज रफ्तार और अनियंत्रित स्कॉर्पियो ने टेंपो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और मौके पर चीख-पुकार मच गई।
मृतकों की पहचान, गांव में मचा कोहराम
इस दर्दनाक हादसे में झौवा बसंत निवासी 48 वर्षीय लालझरी देवी, 17 वर्षीय बृजमोहन मांझी उर्फ सुखन सुकन और 60 वर्षीय शंकर राम की मौके पर ही मौत हो गई। जैसे ही घटना की खबर गांव पहुंची, स्वजनों में कोहराम मच गया। हर घर से रोने-बिलखने की आवाजें गूंजने लगीं।
सीएम ने जताया शोक, मुआवजे का ऐलान
घटना पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने गहरा दुख जताया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों को 4-4 लाख रुपये मुआवजा देने की घोषणा की है और आपदा प्रबंधन विभाग को घायलों के समुचित इलाज और हरसंभव सहायता देने का निर्देश दिया है।
इसे भी पढ़ें - Patna drug expose : पटना में खामोश तबाही का मंज़र : जर्जर खंडहर बना ‘ड्रग्स का किला’, सूखे नशे में डूबती युवा पीढ़ी