अविनाश श्रीवास्तव/न्यूज11 भारत
रोहतास/डेस्क: सासाराम. बिहार भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी शनिवार को सासाराम पहुंचे. शहर के रौजा रोड स्थित बाल विकास मैदान में संजय सरावगी के सम्मान में एक कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां भाजपा कार्यकर्ताओं ने उनका जोरदार स्वागत किया. इस दौरान मंच पर भाजपा जिला अध्यक्ष संतोष पटेल, पूर्व विधायक राजेश्वर राज, एमएलसी निवेदिता सिंह, एमएलसी संतोष सिंह, विधायक त्रिविक्रम नारायण सिंह, पूर्व विधायक ललन पासवान सहित अन्य नेता मौजूद रहे.
भाजपा के लिए कार्यकर्ता सर्वोपरि
समारोह को संबोधित करते हुए संजय सरावगी ने कार्यकर्ताओं में खूब जोश भरा. उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी विश्व की एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहाँ एक सामान्य कार्यकर्ता भी अपनी मेहनत से शीर्ष पदों तक पहुँच सकता है. उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी कभी संघ के सामान्य प्रचारक थे, राजनाथ सिंह ने मंडल अध्यक्ष और अमित शाह ने बूथ अध्यक्ष के रूप में राजनीति शुरू की थी. इसके अलावा नितिन नवीन ने भी सामान्य कार्यकर्ता से राष्ट्रीय अध्यक्ष तक का सफर तय किया है. उन्होंने जोर देकर कहा कि भाजपा के लिए परिवारवाद नहीं, बल्कि संगठन व कार्यकर्ता सर्वोपरि है.
विपक्ष पर साधा निशाना
सरावगी ने विपक्षी दलों पर तीखा हमला करते हुए कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जाति और संप्रदाय की राजनीति से ऊपर उठकर राष्ट्र प्रथम के संकल्प के साथ काम करते हैं. उन्होंने धारा 370 को हटाने जैसी ऐतिहासिक उपलब्धियों को गिनाते हुए कहा कि विधानसभा चुनाव में जनता के सामने एक तरफ विकास का मॉडल था और दूसरी तरफ विनाश का. उन्होंने कहा कि 2005 से पहले सरकार में घोटालेबाज एवं अपराधी किस्म के लोग मंत्री और विधायक हुआ करते थे. शोरूम से गाड़ियां उठा ली जाती थीं, लेकिन किसी को पैसे मांगने की हिम्मत नहीं होती थी.
चर्चा का विषय बनी खाली कुर्सियाँ
हैरानी की बात है कि एक ओर जहाँ मंच से संगठन की मजबूती के दावे किए जा रहे थे, वहीं दूसरी ओर कार्यक्रम के दौरान मैदान में आधी कुर्सियाँ खाली नजर आईं. भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष के सम्मान में आयोजित कार्यक्रम के दौरान भीड़ की कमी शहर में चर्चा का विषय बनी रही. दरअसल कार्यक्रम के दौरान भीड़ की गैरमौजूदगी को राजनीतिक गलियारों में जिला भाजपा की असफलता के रूप में देखा जा रहा है और लोग इसे पिछले विधानसभा चुनाव में भाजपा को जिले में एक भी सीट नहीं मिलने से भी जोड़कर देख रहे हैं.
यह भी पढ़ें: देवघर: जनता दरबार में जन समस्याओं के समाधान को लेकर अपर समाहर्ता ने संबंधित अधिकारियों को दिए दिशा निर्देश