न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार में नई सरकार के गठन को लेकर सियासी सरगर्मी तेज हो गई है। उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के आवास पर सोमवार को हाई लेवल बैठक आयोजित की गई, जो करीब 3 घंटे तक चली। बैठक खत्म होने के बाद बीजेपी नेता संजय सरावगी आवास से बाहर निकले।
हाईलाइट्स -
- सम्राट चौधरी के आवास पर हाई लेवल बैठक खत्म
- 2 से 3 घंटे तक चली अलग-अलग दौर की बैठक
- 15 अप्रैल को शपथ ग्रहण की तैयारी तेज
- PM मोदी और अमित शाह के आने की संभावना
- बिहार में BJP के पहले CM की अटकलें तेज
इसी दौरान जेडीयू प्रदेश अध्यक्ष उमेश कुशवाहा भी सम्राट चौधरी से मुलाकात करने उनके आवास पहुंचे। वहीं, भिखूभाई दलसाणिया भी करीब 2 घंटे तक चली बैठक के बाद बाहर निकले। हालांकि बैठक से निकलने के बाद किसी भी नेता ने मीडिया से बातचीत नहीं की, जिससे सस्पेंस और गहरा गया है।
नई सरकार के गठन पर मंथन
सूत्रों के मुताबिक इस अहम बैठक में बिहार में नई सरकार के गठन और शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियों को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। सुरक्षा, प्रोटोकॉल और वीवीआईपी मूवमेंट को लेकर भी रणनीति बनाई गई है। जानकारी के अनुसार, 15 अप्रैल को लोकभवन में नई सरकार का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित किया जा सकता है। कार्यक्रम सुबह 11 बजे होने की संभावना है, जिसकी तैयारियां तेजी से चल रही हैं।
बिहार को मिल सकता है BJP का पहला CM
इस बार बिहार में बीजेपी के पहले मुख्यमंत्री के शपथ लेने की संभावना जताई जा रही है, जिससे सियासी समीकरण पूरी तरह बदल सकते हैं। शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के शामिल होने की भी संभावना है। बताया जा रहा है कि प्रधानमंत्री मोदी 14 अप्रैल की देर शाम पटना पहुंच सकते हैं।
खामोशी में छिपे बड़े संकेत
बैठक के बाद नेताओं की चुप्पी कई बड़े राजनीतिक संकेत दे रही है। अंदरखाने चल रही चर्चाओं ने बिहार की राजनीति को एक बार फिर गरमा दिया है।
इसे भी पढ़ें - क्या आज ही बनने जा रही है नई सरकार? सम्राट चौधरी के घर बैठकों का दौर तेज, JDU-BJP में मंथन जारी