न्यूज11 भारत
रांची/डेस्कः बिहार में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व वाली एनडीए सरकार अगले महीने मंत्रिमंडल विस्तार कर सकती है. सूत्रों के मुताबिक, JDU अपने कोटे के छह खाली पद भरने की तैयारी में है. पार्टी का लक्ष्य इस विस्तार के जरिए राज्य में सामाजिक और जातीय समीकरणों को संतुलित करना है. फिलहाल मंत्रिमंडल में कुल नौ सीटें खाली हैं, जिनमें जेडीयू की छह और बीजेपी की तीन सीटें शामिल हैं.
संविधान के अनुसार बिहार में मुख्यमंत्री समेत अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं. एनडीए घटक दलों के बीच पहले तय फार्मूले के अनुसार बीजेपी के हिस्से में 17, जेडीयू के हिस्से में 15 (मुख्यमंत्री सहित), एलजेपी को 2 और हम व आरएलपी को 1-1 मंत्री पद मिले थे. इसी आधार पर कैबिनेट में जेडीयू के छह और भाजपा के तीन नए मंत्री शामिल होने की संभावना है.
सूत्रों के अनुसार JDU इस बार कुशवाहा समुदाय और अतिपिछड़ा वर्ग से आने वाले विधायकों को मंत्रिमंडल में जगह दे सकती है. वर्तमान में JDU नेता बिजेंद्र प्रसाद यादव पांच विभाग, विजय चौधरी चार, जबकि श्रवण कुमार और सुनील कुमार दो-दो विभाग संभाल रहे हैं. उधर, भाजपा कोटे के मंत्रियों विजय कुमार सिंह, मंगल पांडेय, नितिन नवीन और अरुण शंकर प्रसाद के पास भी दो-दो विभाग हैं. ऐसे में नए मंत्रियों को इन्हीं विभागों में से कुछ दायित्व सौंपे जा सकते हैं.
ये भी पढ़ें- Cyclone Alert: काल बना दित्वा चक्रवाती तूफान, 123 लोगों की गई जान, 44,000 लोग हुए बेघर