न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - बिहार के मुख्यमंत्री और जनता दल यूनाईटेड (जेडीयू) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नीतीश कुमार आज राज्यसभा से अपनी नई पारी शुरु कर रहे हैं। दोपहर 12:30 बजे वह राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे। संसद भवन में इसके लिए विशेष समारोह का आयोजन किया गया है। नीतीश कुमार ने गुरुवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा था कि अब वह दिल्ली में रहेंगे और बिहार में नए नेताओं को मौका मिलेगा।
नीतीश कुमार आज राज्यसभा से अपनी नई पारी शुरु कर रहे हैं।
हाईलाइट्स -
- नीतीश कुमार आज दोपहर 12:30 बजे राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेंगे।
- शपथ के बाद पीएम नरेंद्र मोदी और गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे।
- दिल्ली में जेडीयू नेताओं की बैठक की अध्यक्षता करेंगे, रणनीति पर चर्चा होगी।
- बिहार में नई एनडीए सरकार के स्वरूप और मंत्रिमंडल पर बातचीत की संभावना।
- दिल्ली से लौटकर कैबिनेट की अंतिम बैठक करेंगे और मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देंगे।
- 14 अप्रैल तक नई सरकार के गठन की संभावना जताई जा रही है।
- नीतीश कुमार का दिल्ली ठिकाना तय, बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव।
पीएम मोदी और अमित शाह से मुलाकात
शपथ ग्रहण के बाद नीतीश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इस दौरान उनके साथ जेडीयू के वरिष्ठ नेता ललन सिंह और संजय झा भी मौजूद रहेंगे। माना जा रहा है कि इस बैठक में बिहार की नई एनडीए सरकार के स्वरूप पर चर्चा होगी। मंत्रिमंडल में कौन से नए चेहरे शामिल होंगे और किसे दोबारा मौका मिलेगा, इस पर भी विचार किया जाएगा।
पीएम मोदी और अमित शाह से मुलाकात
दिल्ली में जेडीयू नेताओं की बैठक
राज्यसभा सदस्य के रूप में शपथ लेने से पहले नीतीश कुमार दिल्ली में जेडीयू के वरिष्ठ नेताओं की बैठक की अध्यक्षता करेंगे। इस बैठक में पार्टी की आगे की रणनीति और बिहार में एनडीए सरकार के गठन को लेकर चर्चा होगी। मंत्री विजय चौधरी ने भी संकेत दिया था कि दो से तीन दिन में स्थिति साफ हो जाएगी।
इस्तीफे की तैयारी
सूत्रों के अनुसार, नीतीश कुमार दिल्ली से लौटने के बाद कैबिनेट की अंतिम बैठक करेंगे। इसके बाद एनडीए विधायक दल की बैठक होगी, जिसमें वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने की घोषणा करेंगे। इसके बाद वह राज्यपाल को अपना इस्तीफा सौंपेंगे। इस तरह बिहार में नई सरकार के गठन की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
नई सरकार का स्वरूप
बिहार में बनने वाली नई एनडीए सरकार के स्वरूप को लेकर चर्चाएं तेज हैं। मंत्रिमंडल में किन नए चेहरों को शामिल किया जाएगा और कौन से पुराने मंत्री दोबारा मौका पाएंगे, इस पर नीतीश कुमार अपनी राय रख सकते हैं। यह भी संभावना है कि नई सरकार में सहयोगी दलों को संतुलित प्रतिनिधित्व दिया जाएगा।
पटना लौटने की संभावना
संभावना जताई जा रही है कि नीतीश कुमार आज ही देर शाम दिल्ली से पटना लौट सकते हैं। वहां वह अपने विधायक, सांसद और विधान परिषद के सदस्यों के साथ बैठक करेंगे। इसी बैठक में वह मुख्यमंत्री पद से इस्तीफा देने का ऐलान कर सकते हैं। माना जा रहा है कि 14 अप्रैल तक बिहार में नई सरकार का गठन हो जाएगा।
राजनीतिक महत्व
नीतीश कुमार का राज्यसभा में प्रवेश बिहार की राजनीति में बड़ा बदलाव माना जा रहा है। लंबे समय तक मुख्यमंत्री पद पर रहने के बाद अब वह राष्ट्रीय राजनीति में सक्रिय भूमिका निभाने की तैयारी कर रहे हैं। उनके इस कदम से बिहार की राजनीति में नई सियासी हलचल तेज हो गई है।
इसे भी पढ़ें - पटना पोस्टर ड्रामा: निशांत ‘फ्यूचर सीएम’, नीतीश का मिशन अभी अधूरा!