न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
पटना - केंद्रीय मंत्री जीतन राम मांझी ने मंगलवार को पटना से सटे बिहटा में आयोजित एक सरकारी कार्यक्रम के दौरान ऐसा बयान दे दिया, जिसे सुनकर मंच पर मौजूद लोग भी हैरान रह गए। दरअसल, यहां अत्याधुनिक MSME टेक्नोलॉजी सेंटर का उद्घाटन किया गया, जिसमें बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी शामिल हुए। दोनों नेताओं ने संयुक्त रूप से इस महत्वपूर्ण परियोजना का शुभारंभ किया।
हाईलाइट्स :
- जीतन राम मांझी ने मंच से कहा—“सीएम सम्राट चौधरी से लगता है डर”
- बिहटा में MSME टेक्नोलॉजी सेंटर का हुआ भव्य उद्घाटन
- सम्राट चौधरी ने आमंत्रण मिलते ही कार्यक्रम में शामिल होने की दी सहमति
- मांझी ने सीएम को दिया आशीर्वाद, युवाओं के हुनर की जमकर तारीफ
- “लोकल टू ग्लोबल” विजन को बताया बिहार के विकास की नई दिशा
- एक साथ 5 जिलों—बिहटा, मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर को मिली बड़ी सौगात
- MSME सेंटर से युवाओं को तकनीकी प्रशिक्षण और रोजगार के अवसर मिलेंगे
- स्थानीय उद्योगों को आधुनिक मशीनें और एक्सपोर्ट क्वालिटी उत्पादन में मिलेगी मदद
- कार्यक्रम में कई वरिष्ठ अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे मौजूद
सीएम सम्राट से लगता है डर
कार्यक्रम के दौरान अपने संबोधन में जीतन राम मांझी ने हल्के-फुल्के अंदाज में कहा कि उन्हें मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से “डर लगता है”। उन्होंने बताया कि उन्हें आशंका थी कि सीएम कार्यक्रम में आएंगे या नहीं, लेकिन जैसे ही उन्होंने आमंत्रण भेजा, मुख्यमंत्री ने तुरंत उसे स्वीकार कर लिया और कार्यक्रम में शामिल हुए। मांझी के इस बयान पर मंच पर मौजूद लोग मुस्कुराने लगे और माहौल हल्का हो गया।
मांझी ने सम्राट को दिया....
मांझी ने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का आभार जताते हुए कहा कि उम्र में बड़े होने के नाते वे उन्हें आशीर्वाद भी देते हैं। इस बीच सम्राट चौधरी को खूब आशीर्वाद भी दिया। आगे उन्होंने कहा कि बिहार के युवाओं में प्रतिभा की कोई कमी नहीं है और ऐसे टेक्नोलॉजी सेंटर उन्हें वैश्विक स्तर पर प्रतिस्पर्धा के लिए तैयार करेंगे। “लोकल टू ग्लोबल” का सपना अब जमीन पर उतरता दिखेगा।
5 जिलों को एक साथ मिली सौगात
बिहटा में मुख्य केंद्र के उद्घाटन के साथ ही मुजफ्फरपुर, रोहतास, दरभंगा और मुंगेर में स्थापित MSME एक्सटेंशन सेंटरों का भी रिमोट के जरिए शुभारंभ किया गया। इन केंद्रों के माध्यम से स्थानीय उद्यमियों को नई तकनीक, प्रशिक्षण और उत्पादन से जुड़ी सुविधाएं मिलेंगी।
कौन-कौन रहे मौजूद
इस कार्यक्रम में विधान पार्षद नवल किशोर यादव, मुख्य सचिव डॉ. प्रत्यय अमृत, कुमार रवि, एडीजे कुंदन कृष्णन समेत कई जनप्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी मौजूद रहे।
क्या होंगे फायदे
- MSME इकाइयों को आधुनिक मशीनें और टेस्टिंग सुविधाएं मिलेंगी
- युवाओं को टूल डिजाइन, ऑटोमेशन और मैन्युफैक्चरिंग में प्रशिक्षण मिलेगा
- स्थानीय स्तर पर रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे
- एक्सपोर्ट क्वालिटी उत्पाद तैयार करने में मदद मिलेगी
इसे भी पढ़ें - चंपारण से 3 मई को शुरु होगी निशांत की ‘सद्भाव यात्रा’, जेडीयू ने दिया बड़ा राजनीतिक संकेत