न्यूज11 भारत
रांची/डेस्क: अब बीजेपी की नजरें 2027 को होने वाले पंजाब के विधानसभा चुनाव पर लग गयी है. ताजा राजनीतिक घटनाएं इसी ओर इशारा कर रही हैं. संसद के आगामी मानसून सत्र में केन्द्रीय कैबिनेट का विस्तार होने वाला है. संभावित केंद्रीय मंत्रिमंडल विस्तार में पंजाब से मंत्रियों को तरजीह देने की अटकलों लग रही हैं. इन मंत्रियों में आप से भाजपा में आये राघव चड्ढा का नाम सबसे ऊपर है. फिर राज्यसभा के लिए नामित किए गए तरुण चुग को केंद्रीय मंत्रिमंडल में जगह मिल सकती है. चुग को मंत्री बनाने को पंजाब विधानसभा चुनावों से सीधे जोड़कर देखा जा रहा है. वैसे भी बीजेपी नेतृत्व के भरोसेमंद नेता माने जाते हैं. किन्तु आम आदमी पार्टी (आप) छोड़कर बीजेपी में आए राज्यसभा सांसदों का भी पार्टी विशेष ख्याल रखेगी. पंजाब से आए राज्यसभा के इन सांसदों में राघव चड्ढा की चर्चा विशेष रूप से हो रही है. चुग और चड्ढा के रूप में दो नए मंत्रियों का मिलना तय माना जा रहा है.
पंजाब से जुड़ी एक और खबर भी काफी महत्वपूर्ण है. भाजपा अध्यक्ष के तौर पर केवल सिंह ढिल्लों की नियुक्ति से नाराज होकर पार्टी छोड़ने की अटकलों के बीच पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात की है. यह मुलाकात भी बेहद खास मानी जा रही है. सिर्फ गृहमंत्री से ही नहीं, केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा के पूर्व अध्यक्ष जेपी नड्डा से भी कैप्टन ने मुलाकत की है. नई दिल्ली में केंद्रीय गृह मंत्री और केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात के भी विशेष मायने निकाले जा रही हैं. अब जबकि पंजाब का विधानसभा चुनाव नजदीक आ रहा है, हर पार्टी अपने-अपने तैयारियों में जुट गयी है. बीजेपी भी अपने तरीके से पंजाब में फिर से अपनी पैठ बनाने की तैयारियों में लग गयी है.
यह भी पढ़ें: अफवाहों के बीच पहली बार सामने आए सौरभ गांगुली, ममता के लिए यूसुफ पठान को मनाने की खबरों का किया जोरदार खंडन