न्यूज 11 भारत / बिहार डेस्क
अफरोज आलम / समस्तीपुर - समस्तीपुर में डिप्टी सीएम विजय चौधरी ने बिहार में हो रहे पुलिस एनकाउंटर को लेकर विपक्ष के आरोपों पर तीखा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि विपक्ष को न अपराध से मतलब है और न ही जनता के हित की चिंता, उन्हें सिर्फ सत्ता से दूर रहने की बेचैनी है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि जब अपराध होता है तब भी विरोध करते हैं और जब पुलिस सख्त कार्रवाई करती है तब भी उन्हें परेशानी होती है।
हाईलाइट्स -
- एनकाउंटर को लेकर विपक्ष पर डिप्टी सीएम का तीखा हमला
- सरकार की जीरो टॉलरेंस नीति दोहराई
- निशांत कुमार के दौरे को बताया सकारात्मक कदम
- बंगाल चुनाव पर भी साधा निशाना
जीरो टॉलरेंस पर सरकार अडिग
लोहिया आश्रम स्थित जेडीयू कार्यालय में एनडीए कार्यकर्ताओं के सम्मान समारोह के बाद मीडिया से बातचीत में विजय चौधरी ने कहा कि नए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने साफ कर दिया है कि सरकार अपराध, भ्रष्टाचार और सांप्रदायिकता के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति पर ही चलेगी। उन्होंने अल्पसंख्यक समाज को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उन्हें पिछले 20 वर्षों में हुए विकास और बदलाव को खुद समझना चाहिए।
निशांत कुमार के दौरे का स्वागत
निशांत कुमार के बिहार दौरे को लेकर डिप्टी सीएम ने इसे सकारात्मक कदम बताया। उन्होंने कहा कि यह अच्छी बात है कि वह जिलों में जाकर कार्यकर्ताओं और सरकार के कामकाज को समझना चाहते हैं। जेडीयू कार्यकर्ता भी चाहते हैं कि निशांत कुमार राजनीति में और सक्रिय भूमिका निभाएं।
बंगाल चुनाव पर भी दिया बयान
पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम को लेकर विजय चौधरी ने कहा कि परिणाम आने में अब ज्यादा समय नहीं है, लेकिन जिस तरह वहां सत्ताधारी दल द्वारा अराजकता फैलाने की कोशिश हुई, वह बिहार के 2005 से पहले के दौर की याद दिलाती है। उन्होंने दावा किया कि जनता ने बीजेपी को भरपूर समर्थन देकर इसका जवाब दे दिया है।
कार्यक्रम में दिखी NDA की ताकत
इस मौके पर एलजेपी (रामविलास) की सांसद शांभवी चौधरी समेत समस्तीपुर जिले के एनडीए के सभी सात विधायक और बड़ी संख्या में पार्टी नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे।
इसे भी पढ़ें - MP बैंक डकैती में बिहार कनेक्शन: STF की कार्रवाई में दो शातिर गिरफ्तार, हथियार के बल पर वारदात