न्यूज़11 भारत
रांची/डेस्क: देश में कमर्शियल LPG सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब पेट्रोल और डीजल के दाम भी बढ़ने की संभावना जताई जा रही है. सूत्रों के मुताबिक, जल्द ही पेट्रोल-डीजल की कीमतों में 4 से 5 रुपये प्रति लीटर तक इजाफा हो सकता है.
वैश्विक कच्चे तेल की कीमतों में उछाल से बढ़ा दबाव, चार साल से स्थिर हैं खुदरा दरें
जानकारों का कहना है कि इंटरनैशनल मार्केट में कच्चे तेल की कीमतों में लगातार तेजी बनी हुई है,जबकि घरेलू स्तर पर पेट्रोल-डीजल की कीमतें पिछले करीब चार वर्षों से स्थिर रखी गई हैं. इस वजह से तेल कंपनियों पर आर्थिक दबाव बढ़ता जा रहा है और उन्हें नुकसान उठाना पड़ रहा है.
स्ट्रैट ऑफ होर्मुज से सीमित जहाज आवाजाही
इस सप्ताह वैश्विक बाजार में कच्चे तेल की कीमतें चार साल के उच्चतम स्तर तक पहुंच गई थीं. कीमतें 126 डॉलर प्रति बैरल तक जाने के बाद थोड़ी नरम जरूर हुईं, लेकिन अब भी 110 डॉलर प्रति बैरल के ऊपर बनी हुई हैं. इसके पीछे आपूर्ति से जुड़े कारण भी बताए जा रहे हैं, जिनमें स्ट्रैट ऑफ होर्मुज से सीमित जहाज आवाजाही एक अहम वजह है.
इंडिया में पेट्रोल और डीजल की कीमतों में जल्द बढ़ोतरी
आंकड़ों के अनुसार, इस महीने कच्चे तेल की औसत कीमत 114 डॉलर प्रति बैरल से अधिक रही है, जबकि पिछले वर्ष यह करीब 70 डॉलर प्रति बैरल के आसपास थी. ऐसे में माना जा रहा है कि यदि वैश्विक कीमतों में नरमी नहीं आती है, तो भारत में भी पेट्रोल और डीजल की कीमतों में जल्द बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है.
(खबर मीडिया रिपोर्ट्स पर आधारित है)